फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लगी मरीजों की भीड़।
फतेहाबाद। कोरोना संक्रमण केसों में शनिवार को कमी आई है। जिले में कोरोना के तीन नए केस मिले हैं जबकि 8 डिस्चार्ज हुए हैं। जिले में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 28 हो गई है। इसमें दो कोरोना संक्रमित अस्पताल में दाखिल हैं। इसके अलावा अन्य संक्रमित होम आइसोलेट है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक फतेहाबाद के गांव नहला निवासी 32 वर्षीय महिला, शक्ति नगर निवासी 53 वर्षीय व्यक्ति और टोहाना निवासी 34 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जिले में शनिवार को कोरोना के 160 सैंपल लिए गए हैं। लैब से अभी 751 सैंपलों की रिपोर्ट आनी है।
तीन से चार दिन बाद आ रही रिपोर्ट
स्वास्थ्य विभाग कोरोना के सैंपल जांच के लिए बड़ोपल की आरटीपीसीआर लैब में भेज रहा है। यहां पर जांच के लिए आरटीपीसीआर के 751 सैंपलों की रिपोर्ट पेंडिंग है। रिपोर्ट आने में तीन से चार दिन का समय लग रहा है। इसके पीछे कारण यह है कि कोरोना महामारी के दौरान लगाए गए स्वास्थ्यकर्मियों को 31 मार्च को हटा दिया गया था, इसके बाद अनुबंध नहीं बढ़ा है।
कोट
जिले में कोरोना के तीन नए केस मिले हैं। लैब से अभी 751 सैंपलों की रिपोर्ट आनी है। सरकारी अस्पताल में कोरोना को लेकर सैंपल लिए जा रहे है। लोगों से भी अपील है कि अगर लक्षण दिखें तो जांच जरूर करवाएं।
-मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन