टोहाना। बाइक पर अपने गांव इंदा छोई लौट रहे युवकों को पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल संदीप के बयान पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में इंदा छोई निवासी 36 साल के संदीप ने बताया कि वह पीवीसी छत बनाने का काम करता है। शाम के समय अपने गांव के रहने वाले संदीप व महेंद्र के साथ टोहाना से अपने गांव जा रहा था। जब वे चंदड़कलां के पास पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से वे तीनों सड़क पर जा गिरे। जिसके बाद ग्रामीण कृष्ण ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। ट्रैक्टर चालक की पहचान दिगोह निवासी बलदेव के तौर पर हुई। ट्रैक्टर-ट्रॉली पराली से भरी हुई थी। उस पर कोई रिफ्लेक्टर भी नहीं लगा था। घायलों ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत दी है।