रतिया। पुलिस ने गांव रत्ताखेड़ा में युवक को गोली मारने के मामले में एक नाबालिग आरोपी समेत विष्णु उर्फ डोगर निवासी रत्ताखेड़ा और रमनदीप सिंह उर्फ नामू निवासी हड़ौली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक, पिस्तौल और खाली खोल बरामद किया है।
डीएसपी नरसिंह ने बताया कि 23 जुलाई की रात शिवरात्रि के अवसर पर रत्ताखेड़ा गांव में कुलदीप पर विष्णु ने अपने साथियों के साथ मिलकर रंजिशन गोली चलाई थी। पुलिस ने कुलदीप के भाई गुरप्रीत की शिकायत पर डोगर, रमनदीप और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था। डीएसपी ने बताया कि जांच में सामने आया कि हमला पहचान में गलती के कारण हुआ। बुधवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह अंबाला जबकि अन्य दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया। आरोपी विष्णु उर्फ डोगर के विरुद्ध सदर थाना रतिया में आर्म्स एक्ट, शहर थाना और जाखल में लड़ाई झगड़े के मामले दर्ज हैं।