टोहाना। ग्रामीण क्षेत्र में साढ़े तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुकेश व सतीश के तौर पर हुई है। अभी इनका एक साथी फरार है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि ग्रामीण क्षेत्र में खेतों में मजदूरी करने वाले परिवार की बच्ची को नशे में धुत तीन युवक आधी रात को घर से उठाकर ले गए थे। आधी रात जब बच्ची घर पर नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद बच्ची घर से कुछ ही दूर सड़क पर लहूलुहान हालत में मिली। परिजनों ने उसके साथ दुष्कर्म किए जाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर बच्ची को अस्पताल में ले जाकर मेडिकल करवाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर हिसार जेल भेज दिया है। संवाद