फतेहाबाद में नए प्रधान का स्वागत करते हुए स्त्रोत आयोजक
फतेहाबाद। शहर की ऑटो मार्केट में प्रधान पद को लेकर चल रहा विवाद और गहरा गया है। मंगलवार को मार्केट के मिस्त्रियों ने कैलाश मिस्त्री को प्रधान घोषित कर दिया। इसके साथ ही ऑटो मार्केट में प्रधान पद के तीन दावेदार हो गए हैं। संदीप सिंह को उपप्रधान बनाया गया है।
घोषणा के बाद मिस्त्रियों ने कैलाश मिस्त्री को पगड़ी पहनाई और फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान नवनियुक्त उपप्रधान संदीप सिंह भी मौजूद रहे। कैलाश मिस्त्री ने कहा कि वह पिछले 25 वर्षों से ऑटो मार्केट में मिस्त्री के रूप में काम कर रहे हैं। उन्हें अपने साथियों का पूरा समर्थन प्राप्त है।
प्रधान घोषित किए जाने के बाद कैलाश मिस्त्री और संदीप सिंह ने समर्थकों के साथ पूरी ऑटो मार्केट का दौरा किया। इस दौरान समर्थकों ने मिस्त्री एकता और कैलाश प्रधान के समर्थन में नारे लगाए।
इससे पहले हरपाल ढाका और बलविंदर सिंह बल्ली भी आपसी सहमति से खुद को ऑटो मार्केट का प्रधान चुने जाने का दावा कर चुके हैं। अब कैलाश मिस्त्री को प्रधान घोषित किए जाने से मार्केट में प्रधान पद के तीन दावेदार हो गए हैं। एक ही मार्केट में तीन लोगों के प्रधान होने के दावों से यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।