गांव चूलड़ स्थित गोदाम से इलेक्ट्रॉनिक सामान चुराते सीसीटीवी फुटेज में दिखते चोर। स्रोत: दुकान
- फोटो : lस्रोत- परिजन
जाखल (फतेहाबाद)। इन दिनों भीषण सर्दी और घने कोहरे का फायदा उठाते हुए बेखौफ चोरों ने जाखल के साथ सटे गांव चूलड़ स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम को निशाना बनाया। यहां पिकअप गाड़ी में आए चोर करीब तीस लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गाड़ी में लोड करके ले गए।
यह वारदात शनिवार रात्रि करीब 12 बजे हुई। चोरों ने गोदाम के शटर के ताले तोड़कर घटना को अंजाम दिया। गोदाम में लगे कैमरे की फुटेज में तीन लोग सामान चोरी कर ले जाते नजर आए हैं। फुटेज में आरोपियों की पिकअप गाड़ी आती और जाती भी दिखी है। जाखल निवासी प्रवीण कुमार ने पंजाब की चोटियां चौकी पुलिस को शिकायत दी है।
प्रवीण के अनुसार जाखल-बुढलाड़ा रोड पर पंजाब के जिला संगरूर के गांव चूलड़ में उनका गुप्ता ट्रेडर्स नाम से इलेक्ट्रिक सामान का शोरूम है। दुकान के पीछे ही उनका गोदाम है। गोदाम में उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक सामान का स्टॉक कर रखा है।
रोजाना की तरह शुक्रवार रात को दुकान और गोदाम को बंद करके घर चले गए थे। शनिवार सुबह जब दुकान पर आए तो देखा कि गोदाम के शटर के दोनों ताले टूटे पड़े थे। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो लाखों रुपये कीमत का सामान गायब था। प्रवीण कुमार ने बताया कि चोर उनके गोदाम से करीब 65 एसी, 35 वॉशिंग मशीन चोरी कर ले गए।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की पिकअप गाड़ी रात 11.22 बजे आती दिखाई दी है। अंतिम बार 12.54 बजे गाड़ी जाती हुई नजर आई है। चोरों ने गाड़ी में सामान भर कर दो चक्कर लगाए हैं। प्रवीण कुमार के अनुसार चोरों द्वारा चुराए गए सामान की कीमत करीब तीस लाख रुपये है।