दिल से संबंधित बीमारियों का इलाज करवा रही संस्था सृष्टि फाउंडेशन ने गांव ईगराह निवासी छह दिन की बच्ची मानवी के दिल का सफल आपरेशन करवाया। आपरेशन के बाद बच्ची फिलहाल अस्पताल में ही है।
फाउंडेशन के प्रवक्ता बलविंद्र सिंह के अनुसार गांव ईगराह निवासी ओमबीर की मात्र छह दिन की बच्ची मानवी जन्म से ही दिल की गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थी।
ओमबीर ने बच्ची के दिल के आपरेशन को लेकर सृष्टि संस्था सदस्यों से संपर्क किया। ऐसा पहली बार था कि जब किसी अभिभावक ने अपनी छह दिन की बच्ची के दिल के आपरेशन के लिए उनसे संपर्क किया हो।
संस्था सदस्यों ने इसे चुनौती के तौर पर लिया और दिल्ली के अपोलो अस्पताल में मानवी को तुरंत भर्ती करवाया। यहां स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की टीम ने मानवी के दिल का सफल आपरेशन किया।
संयोजक डॉ. विवेक सिंगला ने बातया कि मानवी के दिल में एक बड़ा छेद होने के कारण चार में से तीन चैंबर कार्य कर रहे थे। इसके चलते रक्त की सप्लाई पूरे शरीर को नहीं हो पा रही थी। डॉ. नीरज अवस्थी के नेतृत्व में चिकित्सक टीम ने मानवी के दिल का सफल आपरेशन किया। सृष्टि फाउंडेशन द्वारा अब तक 22 बच्चों के दिलों का सफल आपरेशन करवाया जा चुका है।
बेटी को नहीं पूरे परिवार को मिली नई जिंदगी
इस दौरान मानवी के पिता ओमबीर ने कहा कि मानवी उनके घर की खुशी है और उसे जन्म से ही इस प्रकार की गंभीर बीमारी होने के कारण पूरा परिवार दुखी था। अब उनकी बेटी ठीक है और इससे उनकी बेटी के साथ पूरे परिवार को ही नई जिंदगी मिली है।