फतेहाबाद के सेक्टर तीन निवासी एवं आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी विधानसभा उपाध्यक्ष को नहरी पेयजल समस
फतेहाबाद। सेक्टर-3 की रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी ने नहरी पानी की कमी दूर करने की एचएसवीपी और प्रदेश सरकार से मांग की है। इस संबंध में सोसायटी ने शुक्रवार देर शाम को हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा को ज्ञापन सौंपा।
फतेहाबाद पहुंचे मिढ़ा को सेक्टर तीन रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष अशोक तनेजा ने बताया कि यहां 75 प्रतिशत से अधिक आबादी बस चुकी है, बावजूद इसके, क्षेत्र में अभी तक पीने योग्य स्वच्छ नहरी पानी की व्यवस्था नहीं की गई है। सोसायटी के पदाधिकारियों ने बताया कि इस विषय में कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
स्थानीय नागरिकों को मजबूरी में टैंकरों व अन्य साधनों से पानी मंगवाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तनेजा ने बताया कि 14 अगस्त 2023 को इस मुद्दे को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष भी रखा गया था। इस बारे में उन्होंने अधिकारियों को उचित निर्देश देने की बात कही थी। फिर भी अब तक सेक्टर-3 में नहरी पानी नहीं पहुंच पाया है।
रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी ने सरकार से मांग की है कि लोगों की मूलभूत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-3 में नहरी पानी की आपूर्ति जल्द से जल्द शुरू कराई जाए। डिप्टी स्पीकर मिढ़ा ने उनकी मांग को प्रदेश सरकार तक पहुंचाने का भरोसा दिया है।
इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद कुमार, उपाध्यक्ष उमेद सिंह सांगा, सचिव अनिल कुमार, कोषाध्यक्ष गोकुल चंद और संयुक्त सचिव नितिन मेहता, विक्रम सिंह, राजू फुटेला, सुखदेव सिंह आदि मौजूद रहे।