शहर के हुडा सेक्टर तीन से चोर घरों के आगे खड़ी तीन गाड़ियां चोरी करके ले गए। चोरों ने अलसुबह तीन से चार बजे के बीच में घटना को अंजाम दिया। हुडा सेक्टर तीन में कोठी नंबर 817, 831, 839 के आगे से एक साथ तीन गाड़ियां चोरी होने से हड़कंप मचा हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद हुडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले में शहर पुलिस ने हुडा सेक्टर तीन निवासी लाजपत नारंग की शिकायत पर तीन गाड़ियां चुराने वाले अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
हुडा सेक्टर से एक साथ गाड़ी चोरी होने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है। शहर पुलिस के साथ-साथ सीआईए की टीम भी चोरों की तलाश में जुट गई है। मामले के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में कोठी नंबर 839 के निवासी लाजपत नारंग ने बताया कि उसने सोमवार रात को अपनी स्विफ्ट गाड़ी घर के आगे खड़ी की थी, सुबह देखा तो गाड़ी गायब थी। इसके अलावा चोरी पड़ोसी कोठी नंबर 831 के निवासी सतपाल सिंह की भी चोर फोरच्यूनर गाड़ी चुराकर ले गए। सतपाल सिंह ने बताया कि उसने गाड़ी रात को खड़ी की थी औैर मंगलवार सुबह नहीं मिली। चोर पड़ोस के 817 नंबर कोठी के निवासी कृष्ण कुमार की ब्रेजा कार चोरी करके ले गए। कृष्ण कुमार ने बताया कि उसने गाड़ी रात को खड़ी की थी, लेकिन सुबह नहीं मिली।
पहले की रैकी, फिर दिया वारदात को अंजाम
लाजपत नारंग ने बताया कि चोरों ने वारदात को सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच अंजाम दिया है। आसपास की सीसीटीवी जांच में पता चला है कि रात के समय चार लोग गाड़ी में रैकी कर रहे थे। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
पहले भी हो चुकी है हुडा सेक्टर से गाड़ियां चोरी
हुडा सेक्टर तीन से पहले भी कई बार गाड़ी चोरी वारदातें हो चुके हैं। पिछले साल दिसंबर में चोर यहां से एक साथ दो गाड़ियां चोरी करके ले गए थे, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।
हुडा सेक्टर तीन से तीन गाड़ियां चोरी होने का मामला सामने आया है। मामले में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।
- राधेश्याम, हुडा चौकी इंचार्ज