फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में बंद पड़ी एक्सरे मशीन।
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में 40 दिन बाद भी एक्सरे सुविधा शुरू नहीं हो पाई है। एक्सरे मशीन इंस्टॉल होने के बाद भी बिजली कनेक्शन न होने से शुरू नहीं हो पाई है। इसके चलते मरीज एक्सरे के लिए 40 दिन से भटक रहे हैं। हालात ये है कि दिव्यांग जांच शिविर में आने वाले दिव्यांगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही हैं।
नागरिक अस्पताल में सुंदरीकरण कार्य के दौरान ही 500 एमए की नई मशीन लगाई गई है। लेकिन लोक निर्माण विभाग ने इसका अभी तक कनेक्शन नहीं किया है। मशीन करीब 15 लाख रुपये से खरीदी गई है।
ब्लड बैंक में आपातकाल विभाग, मरीजों की जान आफत में
नागरिक अस्पताल का आपातकाल विभाग भी करीब 40 दिन से ब्लड बैंक में स्थानांतरित किया गया है। ब्लड बैंक के डोनर कक्ष में ही इमरजेंसी वार्ड और टीबी रोग विशेषज्ञ के कक्ष हैं। इसके अलावा दो बेड रखे गए हैं। ये बेड भी शेड के नीचे हैं। यहां पर न तो डि्रप लगाने की सुविधा और न ही ऑक्सीजन देने को लेकर व्यवस्था है।
डीसी ने दिए हैं सात दिन में व्यवस्था के निर्देश
उपायुक्त ने पिछले सप्ताह शुक्रवार को नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया था। डीसी डॉ.विवेक भारती ने एक सप्ताह में आपातकाल विभाग और ओपीडी कक्ष तैयार करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन हालात ये है कि लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार कर्मचारियों की संख्या नहीं बढ़ा रहे हैं। धीमा गति से कार्य चल रहे हैं। ठेकेदारों का कहना है कि उन्हें अभी तक पेमेंट नहीं मिला है।
नागरिक अस्पताल में कार्य धीमी गति से चलने के कारण परेशानी हो रही है। इसको लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पत्राचार भी किया गया है।
- डॉ.बुधराम, एसएमओ, नागरिक अस्पताल