फतेहाबाद। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा शहर में सेक्टर 6 और 7 विकसित करने की योजना के तहत जमीन खरीद को लेकर वीरवार को गांव मताना के पंचायत घर में किसानों के साथ संवाद किया गया। एचएसवीपी के अधिकारियों ने किसानों को ई-भूमि पोर्टल की जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक किसान इस पोर्टल पर अपनी जमीन बेचने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस परियोजना के तहत करीब 2753 एकड़ भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है।
बैठक के दौरान कई किसानों ने जमीन के लिए 50 करोड़ रुपये प्रति एकड़ तक की मांग रखी जबकि कुछ ने 10 से 15 करोड़ रुपये प्रति एकड़ की दर बताई। कई किसानों ने साफ तौर पर जमीन देने से इन्कार कर दिया और कहा कि अब उनके पास सीमित भूमि बची है जिससे पशुओं के चारे की समस्या उत्पन्न हो जाएगी।
बैठक में एचएसवीपी के एसडीओ रामप्रसाद, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट पप्पूराम, जेई चंद्रमोहन, सरकार की ओर से प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह और सरपंच दलबीर सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि सरकार ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से प्रक्रिया को पारदर्शी बनाकर तय मानकों के अनुसार ही जमीन का मूल्य निर्धारण करेगी।
सरपंच बोले-बिचौलिए से बचकर रहे
गांव मताना के सरपंच दलबीर सिंह ने कहा कि जमीन खरीद को लेकर कुछ बिचौलिए क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसानों को बहला-फुसला रहे हैं और दस्तावेज मांग रहे हैं। बैठक के दौरान भी कई बिचौलिए मौजूद थे। किसान अगर जमीन बेचना चाहते हैं तो खुद आवेदन करें।
पहले आबाद नहीं हुए सेक्टर
शहर फतेहाबाद में पहले करीब आठ सेक्टर कटे हैं लेकिन स्थिति ये है कि सेक्टर तीन भी आधा ही विकसित हुआ है। अब सेक्टर 6 और 7 का प्रपोजल है। इसको लेकर फतेहाबाद, बस्ती भीमां और गांव मताना क्षेत्र की करीब 2753 जमीन खरीदने का एचएसवीपी का प्रस्ताव है। दो माह तक आवेदन प्रक्रिया चलेगी और इसके बाद ही स्थिति का पता चल पाएगा कि जमीन डिमांड के अनुसार मिलती है या नहीं या फिर प्रपोजल अधूरा रह जाएगा।