फतेहाबाद। शहर के विकास कार्य करवाने वाली नगर परिषद की तकनीकी शाखा को खुद उपचार की जरूरत है। हालात ये है कि नगर परिषद वार्डाें में मरम्मत कार्य करवाने का दावा कर रही है लेकिन खुद के भवन की पहले देखभाल की जरूरत है। नगर परिषद कार्यालय के तकनीकी शाखा में बने बैठक हॉल की फाल्स सीलिंग टूटकर नीचे गिर चुकी है। इस मीटिंग हॉल में नगर परिषद हाउस की बैठक हेाती है।
बैठक पिछले साढ़े तीन माह से हुई नहीं है। बैठक हॉल में एक नहीं बल्कि तीन से चार जगहों पर फाल्स सीलिंग टूटकर गिर चुकी है। ये हालात नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता कार्यालय के बिल्कुल सामने है। लेकिन अधिकारी जानकार भी खामोश है। बता दें कि नगर परिषद की तकनीकी शाखा दुकानों के ऊपर बनी है। यहां पर छत के नाम पर टिन की शीट डाली गई है और उसके नीचे फाल्स सीलिंग की गई है। बारिश के बाद पानी टपकने से फाल्स सीलिंग टूटकर नीचे गिर चुकी है। हालात ये है कि यहां पर बारिश के दौरान पानी टपकता रहता है।