बिजली निगम कार्यालय में चल रहे धरने को समाप्त करवाते हुए यूनिट प्रधान अमित शर्मा ,
रतिया। बिजली निगम की सब अर्बन सब डिविजन रतिया में तैनात लाइनमैन का तबादले रद्द हो गया है। तबादले के विरोध में पिछले 9 दिनों से चल रहा धरना भी समाप्त हो गया है। आखिरी दिन धरने का संचालन सब यूनिट के सचिव प्रेम शर्मा ने किया जबकि अध्यक्षता सब अर्बन सब यूनिट के अध्यक्ष कश्मीर सिंह ने की। मंगलवार दोपहर को इस धरने को समाप्त करवाते हुए यूनिट प्रधान अमित शर्मा ने कहा कि हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन की जीत हुई है। अधिकारियों ने लाइनमैन के तबादले को रद्द कर दिया है।
गौरतलब है कि 29 जनवरी को बिजली निगम कार्यालय में धरना देकर कर्मचारियों ने आरोप लगाया था कि जेई द्वारा किसी उपभोक्ता की बिजली चोरी पकड़ी गई और उसका मीटर उखाड़ कर ले आए। बाद में उक्त उपभोक्ता एसडीओ से मिलकर बिना जुर्माना भरे मीटर ले गया और आरोप लगाया कि दीपक व सतपाल लाइनमैन द्वारा चोरी पकड़वाई गई है। इसलिए अब इन दोनों को यहां नहीं रहने देंगे और इनकी बदली करवा देंगे। उपभोक्ता ने अपने राजनीतिक पहुंच का फायदा उठाते हुए दीपक लाइनमैन के तबादले के लिए बिजली मंत्री को लिख दिया। इसके बाद उसका तबादला फतेहाबाद सिटी डिविजन में हो गया। बिजली मंत्री के आदेश पर एसई ने एक्सईएन के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित कर दी। मगर एसडीओ ने जांच कमेटी की रिपोर्ट आए बिना ही लाइनमैन को यहां से रिलीव कर दिया।