शहर के मुख्य राेड पर बीघड़ चौक के पास बाहर लटकती स्ट्रीट लाइट की तार के जोड़। संवाद
फतेहाबाद। शहर के मुख्य मार्ग पर लगी स्ट्रीट लाइटों की तार खुले में लटक रही हैं। ये राहगीरों के साथ बेसहारा पशुओं के लिए भी गंभीर खतरा बन हुई हैं। इन तार के असुरक्षित जोड़ किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
नगर परिषद ने पहले खंभों से गायब ढक्कन तो लगवा दिए, लेकिन इनसे निकले तार ठीक से अंदर नहीं किए गए। इन तार को सही करने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई। कर्मियों ने खंभों से गायब ढक्कन तो लगा दिया, लेकिन तार अंदर करना भूल गए। मुख्य रोड पर स्ट्रीट लाइटों के खंभों पर अभी भी काफी संख्या में तार के जोड़ बाहर लटक रहे हैं।
स्ट्रीट लाइट की खुली तार और उनके असुरक्षित जोड़, राहगीरों और विशेषकर बेसहारा पशुओं के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। बारिश के मौसम में या नमी वाले वातावरण में यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। इनसे करंट फैलने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।