फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में पर्ची कटवाने के लिए लाइन में लगे मरीज संवाद
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में लोक निर्माण विभाग की इलेक्ट्रिक शाखा ने बिजली संबंधित काम बीच में बंद कर दिया है। इसका खमियाजा नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीजों को उठाना पड़ रहा है। अस्पताल में तीन माह बाद भी आपातकालीन विभाग शिफ्ट हुआ है और न ही सर्वर शुरू हो पाया है।
सर्वर न चलने के कारण सोमवार को पर्ची कटवाने के लिए मरीजों को 30 से 40 मिनट तक लाइन में लगे रहना पड़ा। पर्चियां काटने के लिए दो कर्मचारी लगाए गए हैं जबकि छुट्टी के बाद ओपीडी बढ़ जाती है। सोमवार को अस्पताल में 1200 मरीजों की ओपीडी रही। कर्मचारियों को रिकॉर्ड पहले रजिस्टर में दर्ज करना पड़ता है और इसके बाद पर्ची काटनी पड़ती है।
-
गर्भवती के लिए नहीं सुविधा
नागरिक अस्पताल में सोमवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत शिविर लगाया गया। शिविर में व्यवस्था न होने के कारण पार्किंग शेड के नीचे लगाना पड़ा। इसके चलते कई गर्भवती को परेशानी उठानी पड़ी। बैठने के लिए कुर्सियां भी नहीं मिल पाई। सोमवार को 120 गर्भवती ने रजिस्ट्रेशन करवाया।
-
तीन माह से ब्लड डोनर कक्ष में आपातकालीन विभाग
नागरिक अस्पताल का आपातकालीन विभाग पिछले करीब तीन माह से ब्लड डोनर कक्ष में चल रहा है। हालात ये है कि शेड के नीचे तीन बेड मरीजों के लिए लगाए गए हैं। गंभीर स्थिति से निपटने के लिए इंतजाम नहीं है। लोक निर्माण विभाग की इलेक्ट्रिक शाखा ने करीब ढाई करोड़ रुपये का एस्टीमेट मुख्यालय को भेजा था लेकिन मंजूरी नहीं मिली। इसके बाद शाखा ने काम बंद कर दिया। स्वास्थ्य विभाग ने आईसीयू के बचे बजट में खर्च करने की अनुमति दी, इसके बाद काम शुरू किया गया लेकिन फिर बंद कर दिया गया।
-
आपातकालीन विभाग में जो काम था पूरा कर दिया गया है। इसके अलावा कोई अन्य काम है तो उसे भी पूरा कर दिया जाएगा।
-रविकांत, जेई, लोक निर्माण विभाग