रतिया। अपराध शाखा ने रतिया क्षेत्र के गांव सहनाल में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार मुख्य मास्टरमाइंड सहनाल निवासी डॉ. सुखदेव सिंह की लाखों रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने रिमांड अवधि में आरोपी की निशानदेही पर लैपटॉप, टैब, आईफोन तथा 50,000 रुपये की बरामद किए।
7 दिन की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी डॉ. सुखदेव को अदालत में पेश किया, यहां से मुख्य उसे न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया। इससे पूर्व आर्थिक अपराध शाखा द्वारा सुखदेव सिंह से रिमांड के दौरान 12,60,000 रुपये की संपत्ति पहले ही जब्त की जा चुकी है।
ज्ञात रहे कि सहनाल निवासी अमरीक सिंह की शिकायत पर पुलिस ने सहनाल गांव निवासी डॉ. सुखदेव सिंह को गिरफ्तार किया था। सुखदेव पर आरोप है कि उसने अपने पिता के नाम पर शीशपाल फ्रंटलाइन कंसल्टेंसी एंड सर्विसेज प्रा. लि. कंपनी बनाकर लोगों को एक माह में पैसे दोगुने करने का झांसा देकर उनसे निवेश करवाया और धोखाधड़ी की है।