फतेहाबाद। पिछले 20 दिनों से फतेहाबाद में उपमंडल अधिकारी यानी एसडीएम का पद खाली है। 18 दिसंबर को फतेहाबाद के एसडीएम डॉ. जयवीर यादव का गुरुग्राम तबादला हो गया था। उनके जाने के करीब तीन सप्ताह बीतने के बावजूद किसी अन्य अधिकारी की नियुक्ति नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है।
आमजन के राजस्व संबंधी व ई-दिशा केंद्र से जुड़े कार्य एसडीएम कार्यालय में अटके हुए हैं। वहीं, एसडीएम की अदालत में चल रहे सैकड़ों मुकदमों की कार्रवाई भी एकबारगी रुक गई है। इस कारण नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस पद के रिक्त होने से वाहनों के पंजीकरण, डीएल, एनओसी सहित अन्य कार्यों पर भी एक तरह से रोक लग गई थी। बाद में सीटीएम कैप्टन परमेश सिंह को वाहनों के रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस व एनओसी से संबंधित काम करने की पावर दी गई ताकि लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े।