गांव काजलहेड़ी में एक व्यक्ति ने प्लॉट विवाद को लेकर खुद पर पेट्रोल छिड़कर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को अग्रोहा मेडिकल में दाखिल करवाया जहां पर शनिवार तड़के उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मृतक गांव काजलहेड़ी निवासी घनश्याम के बेटे रोहित की शिकायत पर गांव के ही आरोपी उग्रसेन पर आत्मदाह के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। मरने से पहले बनाया गया पीड़ित का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह गांव के ही एक व्यक्ति पर लेनदेन को लेकर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगा रहा है।
पुलिस को दिए बयान में काजलहेड़ी निवासी रोहित ने बताया कि उसके पिता धनश्याम गांव में ही मजदूरी करते थे। उनके पास चार मरले का प्लॉट भी है। करीब डेढ़ साल पहले पिता घनश्याम ने उग्रसेन को प्लॉट बेचने के लिए एक लाख रुपये साई के रूप में लिए थे। शर्त रखी गई थी कि प्लॉट वापस ले सकता है और एक रुपये सैकड़ा के हिसाब से ब्याज देगा। रोहित ने आरोप लगाया कि उन्होंने ब्याज की राशि सहित एक लाख 55 हजार रुपये पूर्व सरपंच रामसिंह के सामने उग्रसेन को दे दिए। प्लॉट की रजिस्ट्री वापस देने की बात हुई थी लेकिन उसके पिता द्वारा बार बार उनके घर जाने के बाद भी प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं दी। वहीं आरोप लगाया कि उग्रसेन उसके पिता से 50 हजार रुपये और मांग रहा था। 31 अगस्त को उसके पिता धनश्याम आरोपी उग्रसेन से दस्तावेज लेने गया था। उसके बाद उसी दिन दुकान से पेट्रोल लेकर आए और घर के सामने ही अपने ऊपर तेल छिड़कर अपने आप को आग लगा ली। उन्होंने अपने स्तर पर आग को बुझाया और उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। यहां उपचार के दौरान को मौत हो गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मृतक के बेटे रोहित के अनुसार मरने से पूर्व उसके पिता ने बयान भी दिए थे कि गांव का उग्रसेन उसे परेशान कर रहा था और उसके प्लाट के कागजात नहीं दे रहा था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।