फतेहाबाद /टोहाना। सीआईए पुलिस की ओर से करोड़ों रुपये कीमत की हेरोइन बरामद होने के मामले में कार्रवाई में चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवक की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के गांव छैजल निवासी जश्नप्रीत सिंह के रूप में हुई है। इससे पहले टोहाना पुलिस इस मामले में महंगा सिंह व गुरप्रीत सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी जश्नप्रीत सिंह अमेरिका में बैठकर हेरोइन के नेटवर्क को चला रहे मुख्य सप्लायर का भांजा है। इससे पहले पुलिस मुख्य सप्लायर के भतीजा गुरप्रीत सिंह को पकड़ चुकी है। बताया जा रहा है कि गुरप्रीत और जश्नप्रीत हेरोइन को सप्लाई करवाते थे और इस एवज में कमीशन दिया जाता था।
यह है मामला
सीआईए पुलिस की टीम ने 18 मार्च को पंजाब के गांव बखोरा कलां निवासी जगसीर को 4 किलो 5 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया था। सीआईए प्रभारी एसआई अशोक ने बताया कि पुलिस ने 18 मार्च को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। सीआईए पुलिस की टीम ने पीएसआई अशोक कुमार के नेतृत्व में गश्त पर थी तो उन्हें सूचना मिली कि पंजाब के संगरूर जिले के गांव बखोरा कलां निवासी जगसीर भारी मात्रा में हेरोइन लेकर बेचने के लिए टोहाना आया हुआ है। वह सुबह ट्रेन से टोहाना आता है और हेरोइन बेचकर शाम को वापस चला जाता है। इस सूचना पर पुलिस टीम रेलवे स्टेशन की तरफ जा रही थी तो स्टेशन की तरफ से आ रहे युवक को शक के आधार पर काबू कर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 4 किलो 5 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उससे पूछताछ के आधार पर उसके तीन साथियों महंगा सिंह, गुरप्रीत व जश्नप्रीत को भी गिरफ्तार कर चुकी है।