रतिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर रतिया नगरपालिका प्रशासन ने नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत लाल डोरा जमीन के मालिकों को स्वामित्व से संबंधित कार्ड बनाने शुरू कर दिए हैं। इसको लेकर नगरपालिका सचिव संदीप कुमार ने आमजन से भी अपील की है।
नगरपालिका सचिव संदीप कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा नगरपालिका क्षेत्र में लाल डोरा से संबंधित मालिकों को स्वामित्व योजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत रतिया नगरपालिका द्वारा लाल डोरा से संबंधित मालिकों का विशेष सर्वे करवाया गया था।
इस सर्वे के दौरान लगभग 2,000 प्रॉपर्टी मालिक सामने आए थे, जो कि लाल डोरा के स्वामित्व के दायरे में आते हैं। इसलिए अब नगरपालिका द्वारा स्वामित्व योजना के तहत कार्ड बनाने शुरू कर दिए गए। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि जो व्यक्ति नगरपालिका क्षेत्र में लाल डोरा से संबंधित अपने कार्ड बनाना चाहते हैं, वह अपने मलकीत के कागज व दस्तावेज लेकर नगर पालिका कार्यालय में संपर्क करें उनके स्वामित्व के कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएंगे।