रतिया दुकानों के बाहर पड़े हुए सामान उठाते हुए नगर पालिका कर्मचारी : संवाद
रतिया। नगर पालिका कर्मचारियों ने मंगलवार दोपहर को बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया और कई दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त कर लिया। नगर पालिका की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
एसडीएम सुरेंद्र को शिकायत मिल रही थी कि शहर के मुख्य बाजार, टोहाना रोड, बुढलाड़ा रोड पर दुकानदार दुकान के आगे तक कई-कई फुट सामान रखकर अवैध रूप से अतिक्रमण कर रहे हैं। जिस कारण बाजार आने वाले वाहन चालकों और पैदल लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस पर उन्होंने नगर पालिका सचिव को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के बाद सफाई निरीक्षक ओंकार सिंह व सफाई दारोगा मुकेश कुमार के नेतृत्व में मेन बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया और आधा दर्जन दुकानों के बाहर रखे सामान व बोर्ड जब्त कर लिए। सफाई निरीक्षक ओंकार सिंह ने बताया कि दुकानदारों द्वारा बार-बार अतिक्रमण किया जा रहा है। इसी के चलते अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।