फतेहाबाद। नहरी खाल को चालू करवाने में बरती जा रही लेटलतीफी पर सोमवार को कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी भड़क गए। नाढ़ोड़ी के श्रवण कुमार की शिकायत पर मंत्री ने काडा विभाग के अधिकारियों को दो टूक कहा कि 27 अगस्त को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर कार्रवाई का इंतजार नहीं होगा मंगलवार को ही खाल में पानी आना चाहिए। पानी नहीं आया तो तुम्हें साफ कर दूंगा।
डीपीआरसी हॉल में सोमवार को आयोजित जन परिवाद समिति की बैठक में शिकायत की सुनवाई के दौरान डीएसपी ने कहा कि यह काम काडा विभाग का है। हम साथ जाने के लिए तैयार है। इस पर सिंचाई विभाग के अधिकारी ने कहा कि 27 अगस्त को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर कार्रवाई करवाई जाएगी। इससे पहले 29 जुलाई को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करवाए गए थे। उस दौरान वह पानी नहीं खुलवा पाए। इस पर मंत्री ने कहा कि ऐसी क्या आपातकाल की स्थिति आ गई थी उस दिन किसान का काम नहीं हो पाया।
बैठक में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती, एसपी निकिता खट्टर, अध्यक्ष राजपाल बेनीवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, एसडीएम आकाश शर्मा, राजेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, आरटीए संजय बिश्नोई, मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्ष सुमन खीचड़, सफाई आयोग के सदस्य चंद्र प्रकाश बोस्ती, सविता टुटेजा, जगदीश जाखड़ आदि उपस्थित रहे।
-
दो शिकायतकर्ताओं की आंखों में आए आंसू :
जन परिवार समिति की बैठक में कुल 13 मामले रखे गए इनमें से 9 का निपटारा हुआ। इनमें दो मामलों की सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता भावुक होकर रो पड़े। गांव बडोपल के सुंदर सिंह, सुभाष गोदारा व अन्य ग्रामीणों ने चिंदड़ से बडोपल तक डाली गई पाइपलाइन को घटिया गुणवत्ता का बताते हुए शिकायत की। विरोध पर मंत्री बेदी ने अधिकारियों को जांच के आदेश दिए। वहीं गांव पारता निवासी सुनील और उसकी पत्नी ने जमीनी विवाद में पुलिस पर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने का आरोप लगाया। महिला ने रोते हुए पुलिस पर पैसे लेकर धाराएं हल्की करने की बात कही। मंत्री ने मामला अदालत में विचाराधीन बताया।
जिला परिषद अध्यक्ष ने जताया एतराज :
बैठक शुरू होने से पहले जिला परिषद अध्यक्ष ने हर बार उनकी बैठने की व्यवस्था बदले जाने पर अधिकारियों के सामने कड़ा एतराज दर्ज कराया। बैठक में कांग्रेस विधायक बलवान दौलतपुरिया, रतिया विधायक जरनैल सिंह, टोहाना विधायक परमवीर सिंह और पूर्व विधायक दुड़ाराम नदारद रहे। इस बारे में मंत्री बेदी ने कहा कि विधानसभा सत्र की तैयारियां चल रही हैं और हो सकता है कि वे किसी अन्य जरूरी बैठक में गए हों।