फतेहाबाद। जिले में तीन दिनों से लगातार 42 डिग्री सेल्सियस तापमान ने जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। दिन के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही और सामान्य दिनचर्या प्रभावित हो रही है। न्यूनतम तापमान में वृद्धि के कारण रात के समय भी पसीने छूट रहे हैं। इससे लोगों की नींद प्रभावित हो रही है।
मौसम में इस बदलाव का असर बाजारों में भी दिखाई दे रहा है। दुकानदार करण, विकास कुमार, जतिन, बुधराम आदि ने बताया कि दोपहर के समय तेज गर्मी के कारण बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है जिससे बाजारों में बिक्री प्रभावित हो रही है। खासकर कपड़ा, जूते और अन्य गैर-जरूरी वस्तुओं की दुकानों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। लोग सिर्फ जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। ठंडे पेय पदार्थ, आइसक्रीम और कूलिंग उपकरणों की मांग में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
आज मरम्मत कार्य के चलते बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित
बिजली की मांग में भी लगातार इजाफा हो रहा है। दिन-रात कूलर, पंखे और एसी चलने से लोड बढ़ा है जिससे कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें भी सामने आई हैं। शनिवार को 33केवी फीडर पर मरम्मत कार्य के चलते मॉडल टाउन, भाटिया कॉलोनी, सुंदर नगर, योग नगर, बीघड़ रोड, हिसार रोड, तहसील चौक, धर्मशाला रोड, चार मरला कॉलोनी, जवाहर चौक, सिरसा रोड, भट्टू रोड, एसबीआई रोड, रतिया चुंगी, राजकीय अस्पताल के क्षेत्र में सुबह 6.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
गर्मी का असर स्वास्थ्य पर भी
नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को ओपीडी लगभग 650 रही। डॉ. शिव सचदेवा ने लोगों को दोपहर के समय घरों में रहने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के भोजन का सेवन करने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के आसार जताए जा रहे हैं। इससे गर्मी का असर और गहराने के संकेत मिल रहे हैं। बढ़ती गर्मी का असर केवल इंसानों तक सीमित नहीं है बल्कि पशुओं के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। पशुपालक राजेश, सुनील, विकास, बलविंद्र के अनुसार अधिक तापमान के कारण दूध उत्पादन में कमी देखी जा रही है। ऐसे में पशु चिकित्सकों ने सलाह दी है कि पशुओं को छायादार स्थान में रखा जाए और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए ताकि उनका लू से बचाव हो सके।
कल से मौसम में बदलाव के आसार
कृषि मौसम विज्ञान विभाग चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के विभागाध्यक्ष, डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार प्रदेश में 29 अप्रैल तक मौसम के परिवर्तनशील रहने की संभावना है। 25 अप्रैल देर रात को एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने की संभावना है जिसके आंशिक प्रभाव से 26 की रात से 29 अप्रैल के दौरान प्रदेश में आंशिक बादलवाही रहने तथा बीच-बीच में हवाओं में बदलाव की संभावना है। इस दौरान मध्यम से तेज गति से धूलभरी हवाएं चलने तथा गरज चमक के साथ प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश की भी संभावना बन रही है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट होने तथा रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
जिले में पिछले 5 दिनों का तापमान
तिथि अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
20 अप्रैल 40 डिग्री सेल्सियस 22 डिग्री सेल्सियस
21 अप्रैल 40 डिग्री सेल्सियस 22 डिग्री सेल्सियस
22 अप्रैल 42 डिग्री सेल्सियस 24 डिग्री सेल्सियस
23 अप्रैल 42 डिग्री सेल्सियस 26 डिग्री सेल्सियस
24 अप्रैल 42 डिग्री सेल्सियस 27 डिग्री सेल्सियस