फतेहाबाद। एसबीआई रोड स्थित विशाल ज्वेलर्स से सोना-चांदी चोरी के मामले में थाना शहर पुलिस ने तीसरे मुख्य आरोपी योगेश निवासी काठ मंडी, बीघड़ रोड को जांच में शामिल किया है। पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपी कब्जे से 300 ग्राम सोना और सोना गलाने की मशीन बरामद की।
न्यायालय के आदेश पर वीरवार को आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया। इससे पहले पुलिस उसके भाई समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि ज्वेलर्स संचालक साहिल ने शिकायत में दुकान और घर में रखे सोने-चांदी के स्टॉक में कमी की जानकारी दी थी। जांच में करीब 1 किलो 250 ग्राम सोना और पांच किलो चांदी कम पाई गई थी।
शिकायतकर्ता ने दुकान पर काम कर चुके व्यक्तियों पर आभूषण चोरी कर अलग-अलग स्थानों पर बेचने का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस संबंध में एक अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज की थी।