फतेहाबाद। साइबर थाना पुलिस ने क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी की शिकायत पर महज 10 घंटे में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को 46,300 रुपये वापस दिलवाए। ठगों ने पीड़ित से ओटीपी प्राप्त कर उसके क्रेडिट कार्ड से रकम निकाल ली थी।
पुलिस जानकारी के अनुसार, पंजाब के अबोहर निवासी राजन अपने साढ़ू के पास फतेहाबाद आया हुआ था। बुधवार को राजन के पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉलर ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताकर झांसे में लिया और क्रेडिट कार्ड से जुड़ा ओटीपी हासिल कर लिया। इसके बाद पीड़ित के खाते से 46,300 रुपये निकाल लिए गए।
राजन ने शाम लगभग 4 बजे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई, जिसे तुरंत थाना शहर फतेहाबाद स्थित साइबर हेल्प डेस्क को भेजा गया। साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक मुनीष ने शिकायत मिलते ही गंभीरता से कार्रवाई शुरू की। तकनीकी संसाधनों, बैंकिंग नेटवर्क और लगातार निगरानी के चलते रात करीब 2 बजे पीड़ित के खाते में संपूर्ण राशि वापस करवा दी गई। पीड़ित ने पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई के लिए आभार जताया।