फतेहाबाद। नए साल की शुरुआत कई परिवारों के लिए सुखद अहसास के साथ हुई। इस शुरुआत ने जिले को भी शुभ संकेत दिया है। पहले दिन जिला मुख्यालय के नागरिक अस्पताल में सबसे ज्यादा बेटियों की किलकारी गूंजी हैं। यहां पर एक जनवरी की रात 12 बजे से लेकर सोमवार शाम तक 8 डिलिवरी हुई। इसमें से पांच लड़कियां और तीन लड़कों ने जन्म लिया है।
जिले का वर्ष 2022 का लिंगानुपात 950 रहा था। यहां पर प्रदेश में सबसे ज्यादा लड़कों के मुकाबले लड़कियों ने जन्म लिया था। हालांकि अभी तक वर्ष 2023 का लिंगानुपात जारी नहीं हुआ है। वर्ष 2023 में नवंबर माह तक जिले का लिंगानुपात में जिला प्रदेश में चौथे स्थान पर है। प्रसूता पूनम का कहना है कि नए साल पर भगवान ने उनको लक्ष्मी के रूप में बेटी को जन्म दिया है। वहीं बेटी की मां बनी दौलतपुर की मनीषा का कहना है कि वे बेटा-बेटी में कोई फर्क नहीं समझते हैं।
नए साल के पहले दिन इनके घर आई खुशियां
प्रसूता बच्चा डिलिवरी
मलकीत कौर भूना रोड फतेहाबाद लड़का नार्मल
लालीबाई माजरा रोड फतेहाबाद लड़की नार्मल
डाली बाई माजरा लड़की नार्मल
बिमला गांव दरियापुर लड़का नार्मल
पूनम गांव बोदीवाली लड़की नार्मल
मनीषा गांव दौलतपुर लड़की नार्मल
वीरपाल कौर गांव रूपांवाली लड़का सिजेरियन
रनजनी शक्ति नगर फतेहाबाद लड़की सिजेरियन
जिले में 7619 लड़के तो 7077 जन्मी लड़कियां
फतेहाबाद जिले के लिंगानुपात के आंकड़ों पर नजर डाले तो नवंबर माह तक जिले में कुल 14,696 बच्चे जन्में हैं। इनमें से 7619 लड़के तो 7077 लड़कियां पैदा हुई हैं। जिले का लिंगानुपात नवंबर माह तक 929 रहा है। यहां पर एक हजार लड़को के मुकाबले 929 लड़कियों ने जन्म लिया है।
जिले का ये रहा है पिछले सालों में लिंगानुपात
वर्ष लिंगानुपात
2015 894
2016 923
2017 912
2018 893
2019 924
2020 937
2021 898
2022 950
2023 929 (नवंबर माह तक)
जिला नागरिक अस्पताल में जच्चा-बच्चा के लिए हर तरह की सुविधा है। अस्पताल में नार्मल और सिजेरियन डिलिवरी के लिए महिला रोग विशेषज्ञ हैं। अगर इमरजेंसी में महिला रोग विशेषज्ञ नहीं है तो पैनल पर निजी अस्पताल की डॉक्टर को बुलाया जाता है।
- डॉ. सुभाष, कार्यकारी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद