फतेहाबाद। जिला मुख्यालय से लेकर भट्टू कलां तक रोड का चौड़ीकरण होने से वाहन चालकों को राहत मिली है। इस राज्य राजमार्ग का करीब 10 वर्षों के बाद निर्माण कार्य किया गया है। यह रोड पहले सात मीटर चौड़ा था, जिसको अब 10 मीटर चौड़ा कर दिया गया है।
गौरतलब है कि पिछले करीब छह माह से फतेहाबाद-भट्टू मार्ग के चौड़ीकरण का निर्माण कार्य चल रहा है। इस रोड की लंबाई 18 किलोमीटर है। अब लगभग काम पूरा हो चुका है। रोड चौड़ा होने और नया बनने से फतेहाबाद से भट्टू तक का सफर सुगम हो गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब छह माह पूर्व रोड को उखाड़कर निर्माण कार्य शुरू किया था। उम्मीद है कि दिसंबर के अंत तक डिवाइडर बनाने का कार्य भी पूरा हो जाएगा। जिससे वाहन चालकों के समय के साथ उनके ईंधन की भी बचत होगी। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन केके कंबोज के अनुसार रोड की दोनों तरफ की चौड़ाई 10 मीटर है। इस रोड के चौड़ीकरण होने के बाद से अब एक साथ चार वाहन गुजर सकेंगे। रोड पर भट्टू नहर और भोडिया खेड़ा नहर लगती है। जिसमें से भोड़िया खेड़ा नहर के पुल को तोड़कर दोबारा बनाया गया है। वहीं फतेहाबाद से लेकर भोडिया खेड़ा तक रोड के बीच डिवाइडर बनाया जाना है।