फतेहाबाद। शहर से गुजरने वाले नेशनल हाईवे और प्रमुख सड़कों पर अवैध होर्डिंग और बैनरों का जाल हादसों को न्योता दे रहा है। हाईवे के किनारों से लेकर अंडरब्रिज और ओवरब्रिज तक विज्ञापन सामग्री लगी हुई है।
अवैध होर्डिंग्स के कारण वाहन चालकों का ध्यान भटकने और यातायात प्रभावित होने का खतरा बढ़ रहा है। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही। नेशनल हाईवे अथॉरिटी की चुप्पी भी सवाल खड़े कर रही है।
चौराहों और पुलों के नीचे सबसे ज्यादा बैनर
हिसार-सिरसा रोड पर हांसपुर रोड चौक, रतिया रोड और भूना रोड पर पुलों के नीचे बैनरों की भरमार है। कई जगह विज्ञापन बोर्ड सड़क के आसपास और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए हैं। इनमें से कई के बिना अनुमति लगाए जाने की आशंका है। नियमों के विपरीत लगी यह सामग्री सड़क सुरक्षा के साथ शहर की सुंदरता को भी प्रभावित कर रही है।
तेज रफ्तार में वाहन चलाते समय चालक का ध्यान कुछ पल के लिए भी सड़क से हटना खतरनाक साबित हो सकता है। बड़े-बड़े होर्डिंग ध्यान भटका सकते हैं। वहीं, मोड़, चौराहों और प्रवेश-निकास के पास लगे बोर्ड दूसरे वाहनों को देखने में बाधा बन सकते हैं। इससे अचानक ब्रेक लगाने, टक्कर होने और जाम लगने की आशंका रहती है।
ढीले बैनर भी बन सकते हैं खतरा
अंडरब्रिज और ओवरब्रिज पर लगे बैनर यातायात व्यवस्था के लिए परेशानी बन रहे हैं। हवा में ढीले लटकते बैनर और कमजोर तरीके से लगाए गए बोर्ड गिरने पर राहगीरों तथा वाहन चालकों को चोट पहुंचा सकते हैं। ऐसे में इनकी नियमित जांच और समय पर हटाने की जरूरत है।
सर्वे कराकर हटाई जाए सामग्री
जिंदगी संस्था के अध्यक्ष हरदीप ने संबंधित विभागों से हाईवे, पुलों और प्रमुख चौराहों का सर्वे कराने की मांग की है। उन्होंने अवैध विज्ञापन सामग्री हटाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने की अपील की। इससे सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।