समैन। भीमेवाला गांव में बने उप स्वास्थ्य केंद्र में पांच वर्ष बाद भी जरूरी पदों की स्वीकृति न मिलने से स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं हो पाई हैं। स्टाफ की कमी के कारण ग्रामीणों को इलाज के लिए टोहाना व अन्य शहरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
गांव की लगभग 2000 आबादी के लिए वर्ष 2021 में उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया गया था, लेकिन अब तक इसमें नियमित स्टाफ की तैनाती नहीं हो सकी है। केवल टीकाकरण के लिए एक महिला स्वास्थ्य कर्मी को अस्थायी रूप से तैनात किया गया है। सफाई व्यवस्था के लिए भी कोई कर्मचारी उपलब्ध नहीं है, जिससे केंद्र की स्थिति प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सुविधा होने के बावजूद सेवाएं शुरू न होना बड़ी समस्या बन गया है। सरपंच प्रतिनिधि सुरेश कुमार नैन, अमित नैन, बलवान सिंह, प्रदीप कुमार, दलबीर सिंह, रामफल सिंह और सुरेश ने सरकार से जल्द पद स्वीकृत करने की मांग की है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने से गांव स्तर पर ही लोगों को इलाज मिल सकेगा और शहरों की दौड़ से राहत मिलेगी।
-
मांग- गांव में ही मिले बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं
ग्रामीण बलवान सिंह के अनुसार सरकार ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के बड़े-बड़े दावे करती है लेकिन धरातल पर तस्वीर बिल्कुल अलग है। स्वास्थ्यकर्मियों की कमी के कारण गांव के लोगों को इलाज के लिए 20 किलोमीटर दूर टोहाना जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र में जल्द से जल्द स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति की जाए ताकि लोगों को गांव स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सके।
-
उप स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्यकर्मी न होने के कारण उनको इलाज के लिए टोहाना या फिर अन्य शहरों में जाना पड़ता है। पांच साल पहले बने उप स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्यकर्मी तक नहीं है। ग्राम पंचायत की सरकार से मांग है कि यहां पर स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति को जल्द से जल्द मंजूरी मिले।
- सुरेश कुमार नैन, सरपंच प्रतिनिधि भीमेवाला।
प्रदेश सरकार ने गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र तो बना दिया लेकिन उसमें स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति नहीं की। सरकार गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के दावे करती है लेकिन धरातल पर कुछ नहीं है। इसी कारण ग्रामीण इलाज करवाने के लिए शहर स्थित निजी अस्पतालों में जाने को मजबूर हैं।
-बलवान सिंह, ग्रामीण।
भीमेवाला के बने उप स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति सरकार को करनी है। इसके लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया जाता है। जैसे ही प्रदेश सरकार की तरफ से इन पदों को स्वीकृति मिलेगी वहां पर नियुक्त कर दी जाएगी।
- राजेश क्रांति, एसएमओ, जाखल सर्किल।