भट्टू में कोरोना को मात दे लौटी युवती को मिठाई का डिब्बा भेंट करते बीडीपीओ विनय प्रताप।
- फोटो : Fatehabad
कोरोना के खिलाफ जंग में फतेहाबाद जिले के निवासी पूरा जीवट दिखा रहे हैं। दो दिन पहले रतिया की साठ साल की बुजुर्ग महिला अग्रोहा मेडिकल से डिस्चार्ज होकर घर लौटी तो वीरवार को भट्टू की बेटी वंदना भी कोरोना को मात देकर अपने परिवार के पास भट्टू लौट आई। घर पहुंचने पर उसकी मां ने उसे तिलक लगाकर स्वागत किया तो पड़ोसियों और स्वास्थ्य विभाग ने तालियां व फूल बरसाकर कोरोना के खिलाफ उसकी जीत पर उसे बधाई दी। गौरतलब है कि बुधवार देर रात भट्टू की युवती वंदना की कोरोना की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसे वीरवार दोपहर को अग्रोहा मेडिकल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की विशेष एंबुलेंस में युवती भट्टू स्थित अपने घर पहुंची तो इसके स्वागत में एसएमओ डा. सुजाता बंसल, बीडीपीओ विनय प्रताप सिंह, ड्यूटि मैजिस्ट्रेट दिनेश शर्मा, सरपंच बंसीलाल, एएनएम सुनीता पोटलिया, कुलदीप गुरबाण, राजेश कुमार सहित अनेक कर्मचारी खड़े रहे। बीडीपीओ ने तो खुद अपने हाथों से युवती को मिठाई का डिब्बा भी भेंट किया। घर में प्रवेश पर युवती की माता व पिता ने पूरी रीति रिवाज के साथ पूजा अर्चना कर युवती को गृह प्रवेश करवाया। जिले में अब पांच एक्टिव कोरोना मरीज रह गए हैं जिसमें चार नांदेड़ के श्रद्धालु एवं एक टोहाना की महिला शामिल हैं।
छह मई को पॉजिटिव पाई गई थी महिला, 15 दिन बाद लौटी अपने घर
दिल्ली से लौटने के बाद युवती का सैंपल लिया गया और बीती छह मई को उसके सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। युवती के पॉजिटिव मिलने के बाद एकबारगी तो समूचे मॉडल टाउन में सन्नाटा छा गया था लेकिन वीरवार को जब युवती वापिस घर पहुंची तो पड़ोसियों ने तालियां व थालियां बजाकर उसका स्वागत किया। इतना ही नहीं, मॉडल टाउन के साथ लगती झुग्गी झोपड़ियों में भी इस मौके पर ढोल नगाड़े बजाए गए।