फतेहाबाद। नगर परिषद में अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो एक से दो माह में शहर में बड़े प्रोजेक्टों पर काम शुरू हो जाएंगे। सुंदरीकरण के अटके प्रस्तावों पर भी काम शुरू होने की उम्मीद है। नगर परिषद हाउस द्वारा गठित की गई वित्तीय एवं अनुबंध कमेटी की पहली बैठक मंगलवार को जिला नगर आयुक्त कार्यालय में होने जा रही है।
वहीं किसी भी विवाद से बचने के लिए प्रशासन ने बैठक जिला नगर आयुक्त कार्यालय में रखी है। इस बैठक में नगर परिषद प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची, उप प्रधान सविता टुटेजा, कमेटी सदस्य अर्जुन कटारिया, स्नेहलता व अधिकारी शामिल रहेंगे। हालांकि बैठक में हंगामे के आसार हैं। प्रधान ने 1 से 27 वार्ड तक मरम्मत कार्य करवाने के टेंडर लगाने की मांग रखी है। अगर अधिकारी नहीं लगाते है तो प्रधान विरोध कर सकते हैं।
कमेटी के सामने नगर परिषद अधिकारी पार्षदों द्वारा पिछले दिनों दिए गए प्रस्तावों में से बनाए गए एस्टीमेट रखेंगे। नगर परिषद द्वारा बनाए गए 51 कामों की सूची सामने आई हैं, जिसमें करीब 23 करोड़ के अनुमान तैयार किए गए हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि एस्टीमेट की संख्या इससे भी ज्यादा है। सूची में चिल्ली झील सुंदरीकरण, साइकिल ट्रैक, बस क्यू शेल्टर प्रोजेक्ट भी शामिल हैं।
- वित्तीय कमेटी की बैठक में पहले होता रहा है हंगामा
नगर निकाय द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति को लेकर पिछले दिनों वित्तीय कमेटी का गठन किया गया था। हाउस द्वारा 6-6 माह के कमेटी बनाई गई है। पिछले दिनों वित्तीय कमेटी की बैठक में हंगामा होता रहा है और सिरे भी नहीं चढ़ी है। बताया जा रहा है कि इसी विवाद से बचने के लिए जिला नगर आयुक्त में बैठक होगी।
- इन मुख्य कामों पर लग सकती है मुहर
विकास कार्य अनुमानित लागत
चिल्ली झील सुंदरीकरण 2 करोड़ 48 लाख
पांच बस क्यू शेल्टर 49 लाख 50 हजार
हिसार-सिरसा रोड पर स्वागत द्वार 63.39 लाख
वेलकम गेट वजीर जाखड़ 6.84 लाख
मॉडल रोड पर जेबरा इंटरलॉकिंग 49 लाख
सेक्टर 3 में महिला और पुरुष शौचालय निर्माण - 14.83 लाख
नगर परिषद कार्यालय में शौचालय निर्माण - 14.78 लाख
वार्डों में संकेतक बोर्ड - 48.97 लाख
सामुदायिक केंद्र कीर्ति नगर - 6 करोड़
- 14 नवंबर को हुई थी बैठक, पार्षद टेंडर के इंतजार में
नगर परिषद हाउस में करीब एक साल बाद 14 नवंबर 2024 को बैठक हुई थी। इस बैठक के बाद पार्षदों से एजेंडे लिए गए थे। पार्षदों की तरफ से करीब 400 एजेंडे दिए जा चुके हैं। इन्हें अनुमति के लिए जिला नगर आयुक्त के पास भेजा गया था। यहां से अनुमति के बाद अब प्रशासकीय स्वीकृति के लिए वित्तीय कमेटी की बैठक बुलाई गई है।
- कमेटी की बैठक को लेकर सूचना मिली है। बैठक जिला नगर आयुक्त कार्यालय में होनी है। इस बैठक में क्या प्रस्ताव रखे जाने हैं, इसकी जानकारी नहीं है।
- अर्जुन कटारिया, सदस्य, वित्तीय एवं अनुबंध कमेटी
- अधिकारियों को कहा है कि वार्ड 1 से लेकर 27 तक सभी में मरम्मत कार्य के लिए टेंडर लगाए जाएं। वित्तीय कमेटी की बैठक होनी है। मंगलवार को देखते है इसको लेकर प्रस्ताव रखा जाता है नहीं। शहर में समान रूप से काम होने चाहिए।
- राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान, नगर परिषद, फतेहाबाद।