सीसीटीवी फुटेज में प्रेम विवाह करने वाले युवक के पिता को पीटते हुए नजर आते नकाबपोश।
भूना। गांव जांडली खुर्द में चार महीने पहले घर से भागकर अंतरजातीय प्रेम विवाह करने वाले युवक के पिता जयकिशन को नकाबपोश युवकों ने घर से बाहर निकाल कर गली में लाठी-डंडों से दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। युवक की मां कृष्णा देवी ने बीच में आकर अपने पति की जान बचाई। घायल जयकिशन को सीएचसी केंद्र भूना में प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने सूचना मिलते ही घायल के बयान कलमबद्ध किए।
जांडली खुर्द निवासी 65 वर्षीय जयकिशन ने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर बाद वह अपने घर में था। इसी दौरान दो-तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 7-8 नकाबपोश युवक लाठी-डंडों व हथियारों से लैस होकर उनके घर में प्रवेश कर गए। वे घर से उसे घसीटते एवं गाली-गलौज व मारपीट करते हुए गली में ले गए। जहां पर सरेआम जान से मारने के इरादे से उस पर हमला किया गया। जयकिशन ने बताया कि सील्लू पूनिया ने पहले से उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। उसने अनिल व मनदीप तथा चार-पांच अन्य के साथ मिलकर यह हमला किया है। घायल जयकिशन का आरोप है कि यह हमला भूना थाने में 29 मार्च को दर्ज किए गए मुकदमे में शामिल सभी पुरुष आरोपियों की शह पर किया गया है।
पुलिस हमें सुरक्षा दे या हमें मरने की दे अनुमति : जयकिशन
घायल जयकिशन ने कहा कि 15 फरवरी को उसके छोटे बेटे अनिल ने गांव की ही युवती रीतू के साथ घर से भागकर शादी कर ली थी। उसके परिवार पर जानलेवा हमला करने की धमकियां मिली तो वे 18 फरवरी को रिश्तेदारियों में चले गए। 28 फरवरी को पुलिस ने अनिल व रीतू को राजस्थान से हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में दोनों ने स्वेच्छा से प्रेम विवाह करना बताया। जय किशन ने बताया कि उन्होंने रीतू के पांव पकड़ कर अपने परिवार के लोगों के साथ जाने के लिए काफी गुहार लगाई। मगर रीतू ने उसकी एक नहीं सुनी और कोर्ट में अनिल के साथ रहने का फैसला ले लिया। तब से लेकर आज तक अनिल व रीतू तो जांडली खुर्द से दूर चले गए। मगर वह दहशत के साये में एक-एक दिन काट रहे हैं। रीतू के परिवार के लोगों ने घर में रहना दूभर कर दिया है। पुलिस हमारी सुरक्षा करें या फिर पूरे परिवार के सदस्यों को मरने के लिए अनुमति दे दें।
गांव के ही युवक से अंतरजातीय विवाह करने से नाराज हैं रीतू के परिवार वाले
गौरतलब है कि गांव में ही किरयाणा की दुकान करने वाले अनिल ने रीतू से प्रेम विवाह किया था। पुलिस की मदद से इसी साल 29 मार्च को जयकिशन परिवार के सदस्य अपने घर से घरेलू सामान लेने आए तो करीब 30 से अधिक लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में जयकिशन के बड़े बेटे रोहताश कुमार व पुत्रवधू सीमा देवी व पत्नी कृष्णा देवी घायल हो गए थे। पुलिस ने सीमा देवी के बयान पर 14 नामजद व 20 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसी बीच जयकिशन दहशत के मारे फिर जांडली खुर्द गांव छोड़कर चले गए। 29 अप्रैल को उनके बंद मकान में आग लगा दी गई। इसके बाद पुलिस ने जिला पार्षद गगन गोदारा व मुकदमा नंबर 72 में शामिल सभी नामित आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज किया था। आग की घटना के बाद जयकिशन व उसकी पत्नी कृष्णा देवी अपने घर जांडली खुर्द में रहने लगे। जयकिशन का आरोप है कि इस अवधि में सील्लू उसको व उसके परिवार को गांव छोड़कर नहीं जाने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। उसी के चलते यह जानलेवा हमला किया गया है।
कोट
जांडली खुर्द निवासी जयकिशन पर लाठी-डंडों से लैस होकर मोटरसाइकिलों पर आए नकाबपोश युवकों द्वारा हमले की सूचना मिली है। पुलिस घायल के बयान कलमबद्ध कर आरोपियों पर केस दर्ज करेगी। परिवार को सुरक्षा दी जाएगी। हमलावर युवकों को जल्द ही गिरफ्तार करेंगे।
-संदीप कुमार, प्रभारी, भूना थाना