जाखल। दिल्ली रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेंद्र त्रिपाठी ने जाखल जंक्शन के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रेलवे में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीआरएम ने स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं, टिकट आरक्षण व्यवस्था, साफ-सफाई, रेलवे कॉलोनी और विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव और यात्री सुविधाओं की स्थिति देखी।
यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए कोच डिस्प्ले प्रणाली को बेहतर बनाने और अन्य सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने स्टेशन परिसर और रेलवे कॉलोनी में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के आदेश दिए। डीआरएम पुष्पेंद्र त्रिपाठी ने स्टेशन परिसर स्थित फर्स्ट क्लास एसी हॉल का बेहतर उपयोग करने की बात कही।
उन्होंने सुझाव दिया कि नियमानुसार इसे कॉन्ट्रेक्ट के माध्यम से उपलब्ध कराया जा सकता है जिससे लोगों को रोजगार और आय के अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि रेलवे की उपलब्ध परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग होने से स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। निरीक्षण के बाद डीआरएम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और स्टेशन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
रेल परियोजनाओं पर उठी आवाज, डीआरएम ने लिया संज्ञान
निरीक्षण के दौरान स्थानीय भाजपा नेताओं और समाजसेवियों ने मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेंद्र त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपकर जाखल की लंबे समय से लंबित रेल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे ओवरब्रिज को ऊंचा उठाने का कार्य जल्द शुरू करने तथा तलवाड़ा रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन अंडरपास को जल्द चालू कराने की मांग की, ताकि यातायात की समस्या का स्थाई समाधान हो सके और लोगों को आवागमन में राहत मिले। डीआरएम ने मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि रेलवे में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही स्टेशन और रेलवे परिसरों में साफ-सफाई को लेकर भी अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई हैं ताकि यात्रियों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।