समैन। ग्रामीण क्षेत्र में बीपीएल कार्ड धारक को पक्के मकान बनाने के लिए सरकार से मिलने वाली सहायता राशि डिजिटल एप के फेर में उलझ कर रह गई है। पक्के मकान बनाने का सपना देख रहे आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीणों की उम्मीद अब टूटती हुई दिखाई दे रही है। टोहाना ब्लॉक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण स्कीम के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता के लिए करीब छह महीने पहले आवेदन कर चुके ग्रामीणों को अभी भी इसकी फाइनल सूची का इंतजार है। योजना के तहत बीपीएल कार्ड धारक को पक्का मकान बनाने के लिए सरकार की तरफ से लगभग 2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता मिलती है।
पंचायती राज विभाग टोहाना के अधिकारियों के अनुसार टोहाना ब्लॉक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान बनाने के मिलने वाली धनराशि के लिए 6 महीने पहले 4055 ग्रामीणों ने स्वयं आवेदन किया था, जबकि 775 ग्रामीणों का आवेदन सर्वेयर ने सर्वे करके किया था। आवास योजना के लिए दिए गए आवेदनों में की जांच के लिए पहला व दूसरा सर्वे हो चुका है। लेकिन इसके बावजूद भी इन आवेदकों की सूची भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय के डिजिटल एप में उलझी है,क्योंकि इस योजना के लिए भारत सरकार ने पहली बार डिजिटल एप आवास पल्स पर आवेदन मांगे हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पहली बार आवास पल्स एप पर आवेदन मांगे गए हैं, जिसमें काफी लोगों ने स्वयं व कुछ सर्वेयर के द्वारा आवेदन भेजे गए हैं। जो भी आवेदन एप पर आए हैं,उनका दो बार सर्वे हो चुका है। फाइनल सूची कब जारी होगी, इसकी जानकारी अभी नहीं है।
-राहुल कुमार,खंड पंचायत एवं विकास अधिकारी टोहाना।