कंपनी आई न शहर में नई 4200 एलईडी लाइटें लग पाई
करीब दो साल पहले स्थानीय नगर निकाय निदेशालय ने स्ट्रीट लाइटें नप स्तर पर खरीदने पर लगा दी थी रोक
शहर के मुख्य रोड पर लगे है सोडियम बल्ब, सामान न होने से नहीं हो पा रही लाइटें ठीक
फोटो नंबर 24
मुकेश खुराना
फतेहाबाद। करीब दो साल पहले सरकार ने सपने दिखाए कि शहरों को एलईडी लाइटों से जगमग किया जाएगा। नप अधिकारियों से अपने स्तर पर नई लाइटें लगाने तक की पॉवर छीन ली गई और नई लाइटों की डिमांड मांगी गई। दो साल बीते लेकिन सरकार की योजना सिरे नहीं चढ़ पाई, स्थानीय नगर निकाय निदेशालय स्तर पर जिस कंपनी को ठेका दिया वो दो साल बाद फतेहाबाद नहीं पहुंच पाई है। शहर के वार्डों में 4200 नई एलईडी लाइटें अब तक न लग पाई और न ही मुख्य रोड पर लगे सोडियम बल्बों की मरम्मत हो पा रही है।
यहां तक कि नगर परिषद के पास सोडियम बल्ब भी नहीं है और नए खरीदने की पावर तक नहीं है। शहर के मुख्य रोड पर करीब 150 सोडियम बल्ब खराब पड़े हैं लेकिन अफसरों को इन्हें बदलवाने की पावर तक नहीं है। हालात ये है कि सर्द रातों में शहर के मुख्य रोड पर अंधेरा छाया रहता है। अधिकारी एक-दूसरे को पत्र लिखकर अपनी जान छुड़वा रहे है। नगर परिषद ने करीब दो साल पहले शहर के अलग-अलग वार्डों में स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया था। अलग-अलग वाट की लाइटों को लेकर योजना तैयार की गई, लेकिन इस दौरान स्थानीय नगर निकाय निदेशालय ने प्रदेश भर में रोक लगा दी कि नप अपने स्तर पर टेंडर नहीं लगा सकते हैं। निदेशालय अपने स्तर पर टेंडर जारी करके लाइटें लगवाएगा। लेकिन दो साल बीतने के बाद अभी तक कंपनी नहीं आई है। हालात ये है कि नगर परिषद अधिकारी अपने स्तर पर खराब हो चुकी सोडियम लाइटों को ठीक नहीं करवा पा रहे हैं। संवाद
मुख्य रोड़ पर लगे सोडियम बल्ब, अब बदले कौन
शहर के भट्टू रोड, सिरसा रोड, रतिया रोड, भूना रोड पर करीब 900 सोडियम बल्ब लगे हुए हैं। इसमें से करीब 150 से ज्यादा बल्ब खराब हो चुके हैं। इन बल्बों को बदलने के लिए नप के पास नए बल्ब नहीं और न ही अन्य उपकरण है। नप की स्ट्रीट लाइट ब्रांच ने नए सोडियम बल्ब खरीदने के लिए अफसरों को पत्र लिख रखा है लेकिन नप के उच्च अधिकारी नए सोडियम बल्ब और अन्य उपकरण खरीदने से बच रहे हैं।
शहर में लगी है 3800 लाइटें
शहर के वार्डो और मुख्य रोड पर फिलहाल 3800 लाइटें लगी हुई है। इनमें करीब 900 सोडियम बल्ब लगे हुए है और 2900 एलईडी लगी है। इसके अलावा 4200 लाइटें और लगनी है, जो कि निदेशालय स्तर पर आने वाली कंपनी ने ही लगवानी है।
मरम्मत का टेंडर 15 को होगा खत्म, लटक सकती है नई प्रक्रिया
नगर परिषद शहर मे लगी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए निजी एजेंसी को ठेका देता है। पहले ये ठेका एक साल के लिए दिया जाता था, लेकिन पिछले साल नप के उच्च अधिकारियों ने निदेशालय के आदेशों का हवाला देकर समय पर ठेका ही नहीं दिया, लेकिन जब शहर में विवाद बढ़ा तो तीन माह का ही ठेका दिया गया। अब ये ठेका 15 जनवरी को खत्म होने जा रहा है, हालांकि नप अधिकारियों का कहना है कि नए ठेके को लेकर टेंडर लगाया गया है, अगर प्रक्रिया अटकती है तो मरम्मत का काम फिर रुक सकता है।
कोट
प्रदेश भर में नई एलईडी लाइटें लगनी है, फिलहाल जो लाइटें शहर में लगी है उन्हें शिकायत मिलने पर ठीक करवाया जा रहा है। सोडियम बल्ब कुछ ही खराब है। उम्मीद है जल्द ही कंपनी आ जाएगी। स्ट्रीट लाइट मरम्मत को लेकर टेंडर लगा दिया गया है और जल्द खोला जाएगा।
- अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद
फतेहाबाद में भट्टू रोड पर बंद पड़ी लाइटें।- फोटो : Fatehabad