साइबर क्राइम थाना पुलिस की हिरासत में पकड़ा गया आरोपी वसीम।
फतेहाबाद। सुरक्षाकर्मी लगवाने के नाम पर ठगी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवक की पहचान वसीम निवासी दनौदा जिला जींद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से 40 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया। पुलिस ने एक मई को गांव खजूरी जाटी निवासी ओम विष्णु की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके पास एक कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को हिसार निवासी सावन बताया और कहा कि उसने हैफेड का ठेका ले रखा है। हैफेड कार्यालय के लिए सुरक्षाकर्मी की भर्ती करनी है। उसने उसे हैफेड के भूना कार्यालय में सुरक्षाकर्मी की नौकरी लगाने की बात कही और बताया कि इसके लिए उसे दो लाख रुपये देने होंगे। इसमें से 1 लाख 10 हजार नौकरी लगने से पहले और बाकी 90 हजार रुपये नौकरी लगने के बाद देने होंगे। ओम विष्णु ने बताया कि वह उक्त युवक की बातों में आ गया और उसने 1 लाख 10 हजार रुपये और अपने कागजात की कॉपी उसे भेज दी। इसके बाद 20 मार्च तक वह सुरक्षाकर्मी की नौकरी लगने का इंतजार करता रहा। उसने सावन को बार-बार कॉल की लेकिन उसने न तो उसे नौकरी लगवाया और न ही उसके रुपये वापस दिए।