टोहाना। शहर की सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश को पकड़ने के लिए नगर परिषद ने फिर से टेंडर जारी कर दिया है। अब इस टेंडर को 27 अक्तूबर को खोला जाएगा। इससे पहले एक ही फर्म के शामिल होने के कारण टेंडर प्रक्रिया में ही अटक गया था और प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई थी।
नगर परिषद की ओर से प्रत्येक बेसहारा पशु को पकड़ने के लिए 800 रुपये प्रति पशु का सरकारी रेट निर्धारित किया गया था। योजना के तहत पकड़े जाने वाले गोवंश को शिवनंदी गोशाला में शिफ्ट कर उनके पालन-पोषण की व्यवस्था की जानी थी ताकि शहर की सड़कों पर घूमने वाले गोवंशों की समस्या से निजात मिल सके और यातायात व्यवस्था में सुधार हो।
सहायक सफाई निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया में कम से कम दो फर्मों का होना जरूरी है। पिछली बार केवल एक ही फर्म ने रुचि दिखाई थी इसलिए दोबारा टेंडर लगाना पड़ा।
-
सड़कों पर गोवंश से हादसों का खतरा
रेलवे रोड स्थित भाखड़ा नहर पुल, चंडीगढ़ रोड, रतिया रोड और हिसार रोड पर बेसहारा गोवंश अक्सर सड़क के बीच खड़े रहते हैं। रेहड़ी मार्केट और होटलों से निकलने वाला कचरा सड़कों पर गिरने से गोवंश यहां जमा रहते हैं। इनके अचानक वाहनों के सामने आने या सड़क पर बैठे रहने से हादसों का खतरा बना रहता है।