टोहाना/समैन। गांव ठरवा निवासी विजयलक्ष्मी ने यूपीएससी में 233वीं रैंक हासिल कर टोहाना क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विजयलक्ष्मी की उपलब्धि के बाद घर में खुशी का माहौल है। विजयलक्ष्मी ने चंडीगढ़ में रहकर तैयारी की है।
विजय लक्ष्मी ने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे माता-पिता का सबसे बड़ा रोल है जिन्होंने उन्हें कभी बेटे से कम नहीं समझा। गांव के सरपंच प्रतिनिधि राजेश कुमार ने घर पहुंच कर बधाई दी। विजयलक्ष्मी के पिता प्रेम कुमार किसान और माता गृहणी हैं। विजयलक्ष्मी की तीन बहनें और एक भाई है। वह पांच भाई बहनों में सबसे बड़ी है। पिता प्रेम सिंह ने बताया कि विजयलक्ष्मी ने 2024 में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ लॉ की पढ़ाई पूरी की है। 12वीं कक्षा तक कि पढ़ाई टोहाना से ही की है।
पिता प्रेम कुमार ने बताया कि उसकी बेटी ने इस उपलब्धि को हासिल कर पूरे देश में उनका नाम रोशन किया है। उनकी चार बेटी और एक बेटा है। माता प्रोमिला ने बताया कि उन्होंने कभी बेटा-बेटी में भेद नहीं समझा, सभी को बराबर मानकर पढ़ाई लिखाई करवाई है। गांव के सरपंच प्रतिनिधि राजेश कुमार ने बताया कि गांव के लिए खुशी की बात है कि विजयलक्ष्मी ने गांव का नाम रोशन किया है।
-
शिक्षक ने कहा था तुम यूपीएससी पास कर सकती हो, तब से लक्ष्य किया निर्धारित
विजयलक्ष्मी ने बताया कि जब वह स्कूल में पढ़ती थी तो शिक्षिका ने कहा था कि तुम यूपीएसएसी पास करके अफसर बन सकती हो, इसके बाद उसने लक्ष्य निर्धारित कर लिया और तैयारी में जुट गई। सुबह 4 से 9 बजे तक, इसके बाद दोपहर को तीन घंटे, थोड़ी देर आराम के बाद फिर तीन से चार घंटे पढ़ाई पर ध्यान दिया।
-
विजयलक्ष्मी 2017 से यूपीएससी की तैयारी में जुटी
पिता प्रेम सिंह ने बताया कि वह सिर्फ छठी कक्षा तक ही पढ़े-लिखे हैं। बेटी का बचपन से ही आईएएस बनने का सपना रहा है इसलिए उसने 2017 से ही यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी।