फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के पोर्टल पर कक्षा नौवीं से बारहवीं के विद्यार्थियों का पंजीकरण होना है और इसको लेकर दो दिन रह गए है। लेकिन शिक्षकों की मतदान में ड्यूटी होने के चलते प्रक्रिया अधर में अटक गई है। विद्यार्थियों के पंजीकरण का काम पूरा नहीं हो पाया है। दो दिन में अगर विद्यार्थियों का पंजीकरण नहीं होता है तो 10 अक्तूबर से 6 नवंबर तक 100 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक लेट फीस चुकानी होगी।
हालांकि स्कूलों में विद्यार्थियों पर अब दस्तावेज पूरे करने का दबाव डाला जा रहा है। विद्यार्थियों से अपडेट आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। लेक्चरर एसोसिएशन पंजीकरण की तारीख को आगे बढ़ाने की मांग पहले ही कर चुकी है। लेकिन अभी तक निर्देश जारी नहीं हुए है।
बोर्ड की तरफ से ये तय किया गया शेड्यूल
बिना लेट फीस के साथ पंजीकरण - 9 अक्तूबर तक
100 रुपये लेट फीस के साथ पंजीकरण - 10 अक्तूबर से 16 अक्तूबर तक
200 रुपये लेट फीस के साथ पंजीकरण - 17 अक्तूबर से 23 अक्तूबर तक
300 रुपये लेट फीस के साथ पंजीकरण - 24 अक्तूबर से 30 अक्तूबर तक
1000 रुपये लेट फीस के साथ पंजीकरण - 31 अक्तूबर से 6 नवंबर तक
-
अन्य राज्य के विद्यार्थी के पंजीकरण के लगेंगे 200 रुपये
प्रदेश के परीक्षार्थियों के लिए एनरोलमेंट शुल्क 150 रुपये तय किया गया है जबकि दूसरे राज्य या फिर अन्य बोर्ड से आए नियमित परीक्षार्थियों के लिए 200 रुपये शुल्क तय किया गया है।
स्कूल की वर्दी में करवाना होगा पंजीकरण
बोर्ड की तरफ से निर्देश दिए गए है कि विद्यार्थियों की फोटो स्कूल की वर्दी में होनी चाहिए। जिन परीक्षार्थियों ने कक्षा आठवीं पास करके नौवीं में प्रवेश किया है, उन सभी का पंजीकरण होना है। इसके अलावा जिन परीक्षार्थियों ने कक्षा दसवीं और बारहवीं में सीधा प्रवेश लिया है उनका भी पंजीकरण होना जरूरी है। कक्षा दसवीं के बाद कक्षा ग्यारहवीं में दाखिला लेने वाले सभी परीक्षार्थियों का पंजीकरण होगा।
ये है जिले के राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों की स्थिति
कक्षा विद्यार्थियों की संख्या
नौवीं 10657
दसवीं 8363
ग्यारहवीं 7959
बारहवीं 5596
बोर्ड की तरफ से कक्षा नौंवी से बारहवीं तक के परीक्षार्थियों का पंजीकरण करवाया जा रहा है। इसको लेकर प्रक्रिया जारी है। मतदान में शिक्षकों की ड्यूटी लगने के चलते काम कुछ प्रभावित हुआ है। हालांकि उम्मीद है बोर्ड द्वारा इसे आगे बढ़ाया जा सकता है। - रामेश्वर वर्मा, इंचार्ज, राजकीय कन्या हाई स्कूल, भीमां बस्ती