फतेहाबाद। शिक्षा अधिकारी को मांग पत्र सौंपते प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारीस्त्रोत संघ
फतेहाबाद। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रधान योगेंद्र वर्मा के नेतृत्व में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई से मुलाकात की। इस दौरान शिक्षकों की लंबित मांगों को उनके सामने रखा। संघ ने शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इन मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
जिला प्रधान वर्मा ने बताया कि प्राथमिक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची काफी समय से लंबित है, उसे जारी किया जाए। मेडिकल री इंबर्समेंट बिलों में माता-पिता की बुढ़ापा पेंशन की वजह से ऑब्जेक्शन लगाए जाते हैं जोकि गलत है। मेडिकल बिलों का निपटान शीघ्रता किया जाए। विद्यालयों को हरहित स्टोर से जो राशन सप्लाई किया जाता है, उसकी गुणवत्ता अच्छी नहीं होती। यहां से मिलने वाले सामान के दाम बाजार भाव से अधिक होते हैं। ऐसे में बाजार से गुणवत्ता एवं रेट की तसल्ली के पश्चात राशन खरीदने की छूट दी जाए।
राज्य चेयरमैन देवेन्द्र दहिया व पूर्व जिला प्रधान विकास टुटेजा ने कहा कि विद्यालयों को साफ-सफाई के लिए बजट काफी समय से जारी नहीं किया गया है, इसलिए बजट तुरंत जारी किया जाए। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने मांगों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में जिला वरिष्ठ उप प्रधान राकेश मदान, जिला महासचिव अनूप गौरा, फतेहाबाद प्रधान अशोक कुमार, टोहाना ब्लॉक प्रधान गुरनाम सिंह सहित संघ के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।