शहर के थाना रोड पर पार्किंग के बाहर किया हुआ अतिक्रमण।
फतेहाबाद। नगर परिषद प्रशासन की ओर से करीब दो सप्ताह से शहर के मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाने को लेकर काफी सख्ती की जा रही है। रविवार को पुलिस व नगर परिषद प्रशासन छुट्टी होने का दुकानदार व बाजार में रेहड़ी व स्टॉल लगाने वाले लोग इसका काफी फायदा उठा रहे हैं। शहर के एक मात्र मुख्य बाजार में रविवार को लगने वाली सेल के कारण जाम लग रहा है।
वहीं रविवार के दिन जवाहर चौक व पार्किंग के पास पुलिस के जवानों की तैनाती नहीं की जा रही। हर सप्ताह के रविवार को अग्रसेन चौक से जवाहर चौक तक दुकानों के बाहर दुकानदार व अन्य लोग अतिक्रमण करके कपड़ों व अन्य सामानों की सेल लगाते हैं। दुकानों के बाहर कपड़ों की सेल लगाने वाले दुकानदार रोड पर बनी पीली पट्टी से बाहर सामान रखते हैं।
इस कारण अग्रसेन चौक से जवाहर चौक तक रविवार के दिन वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रविवार को मुख्य चौकों व अन्य जगहों पर पुलिस की तैनाती नहीं होने के कारण वाहन चालक अपनी मर्जी से बाजार में वाहन खड़ा करके चले जाते है। जिस कारण जाम लगता है।
अतिक्रमण के कारण बाजार में लगता है जाम
मल्टीपर्पज पार्किंग होने के बावजूद भी शहर के मुख्य बाजार थाना रोड, धर्मशाला रोड व चार मरला कॉलोनी में अक्सर जाम लगते हैं। दोपहर को 12 बजे से लेकर 3 बजे तक जाम की स्थिति बनी रही है। इसके बाद शाम को 5 बजे से लेकर 7 बजे तक जाम की परेशानी रहती है। बाजार ज्यादा फैला हुआ नहीं है, फिर भी एक बार जाम लग जाने के बाद 15 से 20 मिनट तक लोगों को परेशानी होती है। जाम बाजार में हो रहे अतिक्रमण के कारण लगता है। रविवार को दुकानों के आगे जो सेल लगती है। इस कारण रविवार के दिन ही सबसे ज्यादा दिक्कत आती है।
लोग पार्किंग के बजाय सड़क पर खड़ा कर रहे वाहन
नगर परिषद ने आठ करोड़ रुपये की लागत से मल्टीपर्पज पार्किंग का निर्माण करवाया। ताकि शहर में बाजार में जगह की कमी के कारण लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके। लेकिन वाहन चालक बाजार में ही वाहनों को खड़ा करके सामान खरीदने चले जाते हैं। इससे दुकानदार व अन्य वाहन चालकों को दिक्कत होती है।
अतिक्रमण को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सख्त है। रविवार के दिन कर्मचारी छुट्टी पर होते हैं। दुकानदार अतिक्रमण कर रहे हैं, इसको लेकर उच्च अधिकारियों से बात कर रविवार के दिन अतिक्रमण हटाने के लिए बात की जाएगी।
- महेश कुमार, एसआई, नगर परिषद फतेहाबाद।