फतेहाबाद। सरकारी अस्पतालों में उपचार को लेकर आने वाले मरीजों के लिए ये सप्ताह परेशानी भरा हो सकता है। एनएचएम के तहत तैनात डॉक्टर और कर्मचारियों ने 24 जुलाई को सुबह 10 बजे से 1 बजे तक काम न करने का एलान किया है। अगर मांग नहीं मानी जाती है तो 26 से हड़ताल पर जाएंगे। ये ही नहीं नर्सिंग ऑफिसर भी 25 जुलाई को दो घंटे की हड़ताल पर रहेंगे। डॉक्टरों ने भी सांकेतिक हड़ताल के बाद 25 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का एलान कर रखा है। हालांकि मांगों को लेकर एसोसिएशन और सरकार के बीच वार्ता चल रही है। फार्मेसी ऑफिसर भी 26 जुलाई को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
जिले में एनएचएम पर 500 से ज्यादा कर्मचारी तैनात हैं। इसमें डॉक्टर, नर्सिंग ऑफिसर, एंबुलेंस चालक, ईएमटी, सिविल सर्जन कार्यालय में कर्मचारी, डाटा एंट्री ऑपरेटर आदि शामिल हैं। स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष विपिन शर्मा का कहना है कि 25 जुलाई को एमडी एनएचएम के साथ वार्ता है, अगर ये विफल रहती है तो 26 जुलाई से हड़ताल की जाएगी। इससे पहले 24 को पेन डाउन हड़ताल रहेगी। इसको लेकर एनएचएम सांझा मोर्चा बन चुका है। ऐसे में काम प्रभावित होगा और मरीजों को परेशानी होगी, जिले में 500 से ज्यादा कर्मचारी तैनात हैं। ऐसे में एंबुलेंस सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है।
फार्मेसी ऑफिसर के सामूहिक अवकाश पर जाने से बिगड़ेगी व्यवस्था
फार्मेसी ऑफिसर एसोसिएशन ने भी 26 जुलाई को सामूहिक अवकाश पर जाने का एलान कर रखा है। इससे पहले 23 जुलाई को एक घंटे की सांकेतिक हड़ताल की जाएगी। जिला प्रधान कृष्ण बिश्नोई का कहना है कि जिले में 60 में से 34 पद फार्मेसी ऑफिसर के खाली हैं।
नर्सिंग ऑफिसर रहेंगे हड़ताल पर, दाखिल मरीजों की बढ़ेगी परेशानी
नर्सिंग ऑफिसर ने 25 जुलाई को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक सांकेतिक हड़ताल का एलान कर रखा है। इससे पहले 23 व 24 जुलाई को काले बिल्ले लगाकर ड्यूटी करेंगे। अगर नर्सिंग ऑफिसर दो घंटे की हड़ताल पर रहते हैं तो दाखिल मरीजों पर असर पड़ेगा।
डॉक्टरों ने कर रखा है 25 से हड़ताल का एलान
हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसिस के आह्वान पर सरकारी अस्पतालों में तैनात डॉक्टरों ने 25 जुलाई से हड़ताल का एलान कर रखा है। दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल पहले की जा चुकी है। अगर डॉक्टर हड़ताल पर जाते है तो मरीजों पर असर पड़ेगा। हालांकि मांगों को लेकर एसोसिएशन और सरकार के बीच वार्ता चल रही है।
कोट
एनएचएम, फार्मेसी ऑफिसर और नर्सिंग ऑफिसर एसोसिएशन के द्वारा मांगों को लेकर मांग पत्र दिया गया है। सरकार स्तर का मामला है, उम्मीद है समाधान हो जाएगा।
- डॉ. संगीता अबरोल, उप सिविल सर्जन