डंपिंग साईट का निरीक्षण करते हुए स्वच्छ भारत मिशन के स्टेट एक्सपर्ट राजेश मलिक :
रतिया। स्वच्छ भारत मिशन अभियान पंचकूला के राज्य विशेषज्ञ राजेश मलिक के नेतृत्व में एक टीम ने वीरवार दोपहर बाद रतिया शहर में नगर पालिका द्वारा सफाई व्यवस्था को लेकर चलाए गए कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान जिला इंचार्ज सौरभ सिंह, नगर पालिका सचिव शुभम कुमार, लेखाकार अनिल मित्तल, कनिष्ठ अभियंता हवा सिंह, सफाई इंचार्ज ओंकार सिंह व अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे।
स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के राज्य विशेषज्ञ राजेश मलिक ने सर्वप्रथम नगर पालिका द्वारा बनाए गए शौचालयों का निरीक्षण किया और वहां पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने बुढलाड़ा रोड, फतेहाबाद रोड, टोहाना रोड पर डंपिंग पॉइंट का निरीक्षण किया और वहां पर सफाई व्यवस्था की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी की। इसके बाद उन्होंने डंपिंग साइट पर भी पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया।
इस संबंध में उन्होंने बताया कि नगरपालिका द्वारा शहर को स्वच्छ रखने हेतु घर-घर जागरूकता अभियान, शौचालयों की सफाई, वाल पेंटिंग, मेन रोड की सफाई व इसके अतिरिक्त पॉलिथीन प्रतिबद्ध के लिए व्यापार मंडल और उपमंडल अधिकारी रतिया तथा थोक विक्रेता के साथ सामूहिक बैठक करके हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। फल और सब्जी विक्रेताओं को एक प्राप्त जगह सुनिश्चित करके उन्हें जगह दी जाएगी। राज्य विशेषज्ञ ने नगर पालिका के सफाई को लेकर किया जा रहे कार्यों की सराहना भी की।