कुलां में बंद पड़ा सार्वजनिक शौचालय।
कुलां। मुख्य चौराहे पर स्थित बड़ी आबादी वाले गांव कुलां में एक भी सार्वजनिक शौचालय न होने से लोगों व यात्रियों को परेशानी हो रही है। ग्राम पंचायत ने जाखल मार्ग पर यात्री प्रतीक्षालय पर पुरुष व महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय निर्माण कराने सहित यात्रियों के लिए बेंच और उसके ऊपर शेड डलवाया गया था। इसमें विडंबना यह हुई कि पूर्व ग्राम पंचायत ने लाखों रुपये खर्च कर शौचालय तो बनवा दिए थे, लेकिन इसकी देखरेख पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते थोड़े दिन बाद ही शौचालय बदहाल हो गए।
शौचालय में पानी की व्यवस्था न होने के साथ-साथ इनके वाशबेसिन और टोंटी आदि टूट गई हैं। इससे स्वच्छ भारत मिशन को पलीता लग रहा है। हैरानीजनक बात यह है कि जिम्मेदारों द्वारा बदहाली की भेंट चढ़े इन शौचालयों की दशा सुधारने की अपेक्षा इनको ताला लगाकर बंद ही कर दिया गया है। स्थिति ऐसी है कि सार्वजनिक स्थल कुलां में बस स्टैंड पर बने शौचालय देखरेख एवं सफाई के अभाव में उपयोग के लायक ही नहीं बचे हैं। इससे लोग खुले में शौच जाने को मजबूर हैं।
ग्रामीण नरेश, राज, कुलदीप, सुरेंद्र, पवन, हरीश, मोहित, संजीव, कमल आदि ने कहा कि पिछली ग्राम पंचायत द्वारा लाखों रुपये खर्च कर सुविधा उपलब्ध करवाई थी। मगर अब ताले लटका रखे हैं। कुलां चौक के आसपास सैकड़ों दुकानें स्थापित है। आसपास के कई गांवों के लोग कुलां बाजार में खरीदारी करने आते हैं। कुलां में विभिन्न तरह की सरकारी व गैर सरकारी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिसके लिए हर दिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना रहता है। शौचालय के बंद होने से सर्वाधिक परेशानी महिलाओं को होती हैं।
यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं हैं। अब जानकारी हुई है तो इस बारे में सरपंच से वार्ता कर कुलां में बंद पड़े सार्वजनिक शौचालयों को खुलवा कर सफाई व अन्य कार्य करवाएंगे। इसके बाद सुचारू रूप से शौचालय का संचालन और नियमित सफाई कराई जाएगी।
-हुकुम चंद, बीडीपीओ, टोहाना