फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: गांव नंगथला के पूर्व सरपंच के बेटे के हत्यारोपियों में शामिल था पशु व्यापारियों पर हमले का आरोपी सुरेश ढंढूर

विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहाबाद/रतिया। रतिया क्षेत्र के गांव सरदारेवाला में पशु व्यापारियों पर फायरिंग के आरोप में पकड़ा गया आरोपी गांव ढंढूर निवासी सुरेश पेशेवर अपराधी है। इसके खिलाफ साथियों के साथ अग्रोहा क्षेत्र के गांव नंगथला के पूर्व सरपंच सतपाल नागर के बेटे जयप्रकाश की हत्या का आरोप है। आरोपी सुरेश पर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में हत्या, हत्या प्रयास, लूट सहित कई मामले दर्ज हैं। सुरेश पर राजस्थान पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया हुआ था।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार 24 जून 2023 की रात को सुरेश पर अपने साथियों के साथ मिलकर गांव नंगथला के पूर्व सरपंच सतपाल के बेटे जयप्रकाश को गोली मारने का आरोप लगा था। चुनावी रंजिश के कारण की गई वारदात के बाद आरोपियों ने अग्रोहा के पास ही स्थित चिकनवास के एक होटल पर भी गोलियां चलाई थी। इसके बाद वह आदमपुर के रेलवे स्टेशन पर गए। वहां से सिरसा और फिर जयपुर पहुंचे। इस मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इन आरोपियों ने ही रिमांड के दौरान सुरेश का नाम बताया था।

पुलिस को दी शिकायत में व्यापारियों ने रुपयों की संख्या ही नहीं बताई
पशु व्यापारियों ने मंगलवार शाम को छह लाख रुपये छीनने का आरोप लगाया था। मगर पुलिस को दी शिकायत में रुपयों की संख्या का जिक्र ही नहीं किया गया है। एफआईआर में गांव नंगल निवासी उपदेश उर्फ दाऊ ने बताया है कि वह गांव सरदारेवाला में पशुओं की मंडी में कैशियर के पद पर लगा हुआ है। मंगलवार शाम को वे पशु मंडी में बैठे थे। उसी समय दो लड़के कार्यालय के केबिन में आए और एक लड़का बाहर खड़ा हो गया। तीनों के पास रिवॉल्वर थी। एक युवक ने उसकी कनपटी पर रिवॉल्वर तान दी। दूसरे युवक ने उसके पास बैठे कुलदीप पर पिस्तौल तान दी। उन्होंने उनसे रुपयों की मांग की और उनके बीच हाथापाई भी हुई। इस बीच एक लड़के ने फायर कर दिया और गोली का छर्रा उसके दाहिने हाथ पर लगा। इसके बाद तीनों लड़कों को पकड़ दिया और रिवॉल्वर वाले युवक की रिवॉल्वर की पिन खोल दी, जिससे गोलियां वहीं गिर गई। उनके साथ बाहर खडे़ तीसरे लड़के ने फायर किए, उसमें धोलूराम निवासी कलोठा व जिशान निवासी छछरोली जिला सहारनपुर भी वहां पर थे। जब उन्होंने तीसरे लड़के को पकड़ने का प्रयास किया तो फायरिंग में धोलूराम के पांव में गोली लगी। जिशान ने उसको पकड़ना चाहा तो आरोपी ने उसे धक्का मार दिया और नीचे गिरने से जिशान की मौत हो गई। बाहर खड़ा लडका मौके से फायर करके भाग गया। अन्य दो लड़कों को मौके पर ही पकड़ लिया था और उनकी पहचान सुरेश कुमार निवासी ढंढूर व बलजीत निवासी सरवरपुर के तौर पर हुई। आरोप है कि बलजीत, सुरेश व सुमित कुमार उर्फ काली ने हम पर हमला बोला है। इस मामले में घायल धोलूराम व पकड़े गए आरोपी सुरेश व बलजीत को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री से मिले पशु व्यापारी, सीएम ने एसपी को दिए निर्देश
गांव सरदारेवाला में मंगलवार देर शाम को पशु व्यापारियों पर फायरिंग करने के मामले में बुधवार दोपहर बाद पीड़ित पशु व्यापारी विधायक लक्ष्मण नापा के बेटे की शादी में आए मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात और हमलावरों के खिलाफ कड़ी की मांग की। उपदेश उर्फ दाऊ व अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री को बताया कि जिन लोगों ने हमला किया है, उन्होंने लूटपाट का गिरोह बनाया हुआ है। इन लोगों ने पहले भी उन्हें धमकी दी थी। इस बारे में पुलिस को बताया था, लेकिन पुलिस ने कड़ी कार्रवाई नहीं की। जिस कारण उन पर जानलेवा हमला हुआ है। हमला करने वाले शातिर अपराधी है, जिसके चलते उन्हें अपनी जान का खतरा है, उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए। मुख्यमंत्री ने तुरंत एसपी आस्था मोदी को बुलाकर इस मामले में विशेष टीम गठित कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने एसपी से कहा कि वह मामले की जांच करें कि हमला करने वाले आरोपियों का बैकग्राउंड क्या है तथा हमले के पीछे मकसद क्या है। अगर जरूरत पड़े तो इस मामले में विशेष एजेंसी का गठन कर जल्द मामले का खुलासा किया जाए और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
कोट

पुलिस ने उपदेश के बयानों के आधार पर आरोपी गांव ढंढूर निवासी सुरेश, गांव सरवरपुर निवासी बलजीत और हिसार के 12 क्वार्टर एरिया निवासी सुमित उर्फ काली के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को अग्रोहा रेफर किया गया है। पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा कर पाएंगे।
विज्ञापन

-सुरेंद्र कंबोज, प्रभारी, सदर थाना रतिया
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें