फतेहाबाद। शिक्षा विभाग ने सुपर 100 में विद्यार्थियों के चयन को लेकर ली गई लेवल दो परीक्षा का परिणाम भी जारी कर दिया है। इसमें जिले के 33 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। अब इन विद्यार्थियों का कुरुक्षेत्र में 25 मई को दाखिला होगा।
चयनित विद्यार्थियों को विकल्प फाउंडेशन द्वारा दो साल तक निशुल्क जेईई और नीट की कोचिंग दी जाएगी। शिक्षा विभाग ने पिछले दिनों पहले लेवल की परीक्षा में चयनित हुए 137 विद्यार्थियों की परीक्षा ली थी।
चयनित सूची के अनुसार खंड भूना के सबसे ज्यादा 12 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। फतेहाबाद के 10, टोहाना के 4, भूना के 12, रतिया के 3, जाखल के एक और भट्टूकलां के 3 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। पिछले चार सालों की तुलना करें तो इस बार कम विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
विद्यार्थियों को 25 मई को पहुंचना होगा कुरुक्षेत्र
शिक्षा विभाग ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी किया है। जारी पत्र के अनुसार चयनित विद्यार्थियों को 25 मई को सुबह 10 बजे कुरुक्षेत्र में बनाए गए सेंटर पर रिपोर्ट करनी होगी। विद्यार्थियों को अपने साथ आधार कार्ड, अभिभावक के आधार कार्ड, तीन पासपोर्ट साइज फोटो, कक्षा दसवीं की मार्कशीट, सुपर-100 परिणाम की कॉपी, एसएलसी, फैमिली आईडी साथ लेकर जानी होगी।
-
2009 विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा
शिक्षा विभाग ने इस साल पांच फरवरी को जिले के सात सेंटरों में सुपर-100 में प्रवेश को लेकर पहले चरण की परीक्षा ली थी। इस परीक्षा में 2009 में से 137 ही विद्यार्थी पास हुए थे।
-
ठहरने की मिलेगी व्यवस्था
सुपर 100 कार्यक्रम के तहत मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग की तरफ से नीट और जेईई की निशुल्क कोचिंग दी जाती है। विभाग की तरफ से ही विद्यार्थियों को खाने-पीने और ठहरने की सुविधा दी जाती है। शिक्षा विभाग इस योजना के तहत कक्षा दसवीं में पढ़ रहे विद्यार्थियों से आवेदन लेता है और परीक्षा लेकर चयन किया जाता है।
-
इन विद्यार्थियों का सुपर 100 कार्यक्रम में हो चुका है चयन
वर्ष चयनित विद्यार्थी
2018-20 - 13
2019-21 - 33
2022-22 - 38
2021-23 - 38
2022-24 - 64
2023-25 - 47
2025-27 - 33
शिक्षा विभाग की सुपर 100 योजना का परिणाम जारी कर दिया गया है। जिले के 33 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इन विद्यार्थियों को विभाग निशुल्क नीट और जेईई की कोचिंग देगा। 25 मई से सत्र शुरू हो जाएगा।
- मुकेश मेहता, जिला विज्ञान विशेषज्ञ एवं नोडल अधिकारी फतेहाबाद।