फतेहाबाद के सरकारी स्कूल में पीटीएम के दौरान मौजूद अभिभावक स्त्रोत शिक्षा विभाग
फतेहाबाद। जिले के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में शनिवार को मेगा अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। इसके साथ ही ग्रीष्मकालीन अवकाश की शुरुआत हो गई जिससे विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है। अब बच्चे छुट्टियों के दौरान दादा-दादी और परिवार के अन्य बुजुर्गों से कहानियां सुनने के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में समय बिताएंगे। स्कूल 38 दिन बाद एक जुलाई को खुलेंगे।
पीटीएम के दौरान सुबह 8:30 बजे निपुण सीआरपी मेला एवं प्रदर्शनी लगाई गई। इसके बाद सुबह 9 बजे अभिभावकों के साथ एसएलओ आधारित खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें अपने बच्चे को जानें, अंताक्षरी और वाक्य निर्माण जैसी गतिविधियां शामिल रहीं। अभिभावकों को बच्चों की स्किल पासबुक दिखाई गई और उनके अधिगम स्तर पर चर्चा की गई।
शिक्षकों ने बताया कि बच्चे किन क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। अभिभावकों को बच्चों का ग्रीष्मकालीन गृहकार्य सौंपा गया। इसके अलावा मैं भी निपुण अभियान और लाडो लक्ष्मी योजना के बारे में जानकारी भी दी गई।
-
निपुण हरियाणा पेरेंट्स एप पर बच्चे होंगे ट्रैक
शिक्षा विभाग की तरफ से निपुण हरियाणा पेरेंट्स एप भी जारी की गई है। इस एप पर अभिभावक बच्चे का शैक्षणिक स्तर जांचने के साथ उसका होमवर्क (गृहकार्य) भी देख पाएंगे। शनिवार को पीटीएम में अभिभावकों को इस एप के बारे में भी जानकारी दी गई।
-
जिले में स्कूल
जिले में सरकारी स्कूल - 619
जिले में निजी स्कूल - 241
-
स्कूलों में शनिवार को मेगा पीटीएम का आयोजन किया गया। शिक्षकों ने अभिभावकों के साथ बच्चों के शैक्षणिक स्तर के बारे में चर्चा की है। इसके अलावा निपुण हरियाणा पेरेंट्स एप के बारे में भी बताया गया है। 24 मई रविवार से ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो गए हैं।
- दिलबाग सिंह, एफएलएन संयोजक