सीबीएसई की ओर से वीरवार को घोषित मैट्रिक परीक्षा परिणाम में दो विषयों में फेल होने से आहत गांव सहनाल के छात्र ने भाखड़ा नहर में कूदकर जान दे दी। शनिवार को छात्र का शव गांव नंगल के पास से गुजर रही नहर से बरामद हुआ है। पुलिस ने उसके शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी अनुसार गांव सहनाल निवासी 17 वर्षीय लवप्रीत सिंह पुत्र हरपाल सिंह रतिया के एक निजी स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र था। लवप्रीत पिछले वर्ष भी दसवीं कक्षा की परीक्षा में फेल हो गया था। इस बार सीबीएसई बोर्ड की 10वीं के आए परीक्षा परिणाम में वह दो विषयों में फिर से फेल हो गया था। छात्र लवप्रीत ने रिजल्ट के बाद अपनी मां को दो विषयों में फेल होने की बात बताई थी। 15 जुलाई को दोपहर तक लवप्रीत ने अपने पिता के साथ खेत में काम करवाया था। इसके पश्चात उसने घर पहुंच कर अपनी मां से चाय बनवाई और पीकर घर से बाइक लेकर चला गया। बताया गया है कि छात्र ने शाम को भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी। जब वह घर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश आरंभ कर दी। इस पर उसके परिजनों ने लवप्रीत के गायब हो जाने की सूचना सोशल मीडिया पर भी उसकी फोटो अपलोड करके दी थी। परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की तो पता चला कि गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में लवप्रीत अपने बाइक पर रतिया की ओर जाता दिखाई दिया। रतिया में लगे सीसीटीवी फुटेज कैमरे जांच करने पर लवप्रीत गांव ब्राह्मणवाला की और जाता दिखाई दिया था। जिसके पश्चात लवप्रीत के परिजनों और गांव के सरपंच विजय कुमार मामले की सूचना पुलिस को दी और लवप्रीत की पड़ताल शुरू की तो उसका बाइक रोझांवाली के पास भाखड़ा नहर के किनारे मिला था। बाइक को लॉक लगाकर बाइक की चाबी बाइक की सीट पर रखी थी जिसके पश्चात परिजनों व सरपंच को किसी अनहोनी की शंका हुई तो उन्होंने पुलिस के सहयोग से लवप्रीत की भाखड़ा नहर में तलाश आरंभ कर दी। शनिवार को लवप्रीत का शव गांव नंगल के पास भाखड़ा नहर से बरामद हो गया। पुलिस ने लवप्रीत के पिता हरपाल सिंह बयानों पर 174 की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके पश्चात गमगीन माहौल में लवप्रीत का अंतिम संस्कार कर दिया गया।