फतेहाबाद। शिक्षा विभाग और भाखड़ा बांध मैनेजमेंट बोर्ड मिलकर विद्यार्थियों में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रहा है। जिले भर के प्राइमरी से लेकर सीनियर सेंकेंडरी स्कूल के विद्यार्थी इसमें भाग लेगे। कक्षा पांचवीं से दसवीं के विद्यार्थियों के लिए ये प्रतियोगिता रखी गई है। चयनित को एक लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा और लैपटॉप भी दिया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने स्कूलों से 10 अक्तूबर तक पेंटिंग मांगी है। अधिकारियों की मानें तो इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण के महत्त्व से जोड़ना है। विद्यालय स्तर पर चयनित श्रेष्ठ चित्रों को राज्य स्तर पर भेजा जाएगा। चुने गए चित्र राष्ट्रीय स्तर पर भेजे जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार विजेता को एक लाख रुपये नकद व लैपटॉप, द्वितीय पुरस्कार के तौर पर पचास हजार रुपये नकद और तृतीय विजेता को पच्चीस हजार रुपये नकद राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त 10-10 छात्रों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 7,500 रुपये और प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे। इसके अलावा राज्य स्तर पर चयनित को 51, 21 और 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
-
ऐसे होगा चयन
शिक्षा विभाग अधिकारियों के अनुसार प्रतियोगिता को लेकर दो ग्रुप बनाए गए है। कोई प्राइमरी स्कूल भाग लेता है तो उसकी ए कैटेगरी होगी और विद्यालय स्तर से दो पेंटिंग भेजी जाएंगी। इसके अलावा अगर कोई मिडल और हाई स्कूल भाग लेता है तो उसकी एक और बी कैटेगरी के हिसाब से चार पेंटिंग भेजी जाएंगी। ये पेंटिंग भाखड़ा बांध मैनेजमेंट बोर्ड के हिसार स्थित कार्यालय में 17 अक्तूबर तक भेजी जानी है। राज्य स्तर पर 50 पेंटिंग का चयन होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को ऊर्जा बचत के संदेश को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करना होगा। चित्रों में ऊर्जा संरक्षण, सौर ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन, स्वच्छ ऊर्जा जैसे विषयों को शामिल किया जा सकता है।
-
विद्यार्थियों को उर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित करवाई जा रही है। इसमें सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थी भाग ले पाएंगे।
निहाल सिंह, एपीसी, समग्र शिक्षा विभाग
-