फतेहाबाद। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद (एचएसएसपीपी) के राज्य स्तरीय एडवेंचर कैंप में फतेहाबाद जिले के 73 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। हिमाचल प्रदेश के मनाली क्षेत्र में 5 से 9 जून तक आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय कैंप के लिए जिले से 70 विद्यार्थियों और तीन शिक्षकों का दल रवाना हो गया है।
जिले के 14 पीएमश्री स्कूलों से 28 छात्र और 42 छात्राओं का चयन किया गया है। इनके साथ एक पुरुष तथा दो महिला शिक्षक एस्कॉर्ट के रूप में शामिल होंगे। जिले को कैंप के पहले बैच में स्थान मिला है। सभी चयनित विद्यार्थी और शिक्षक 4 जून की शाम तक पंचकूला स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-15 में पहुंचे, जहां से उन्हें मनाली रवाना किया गया।
विद्यार्थियों के दल को जिला परियोजना समन्वयक बलवान सिंह के नेतृत्व में जिला विज्ञान विशेषज्ञ मुकेश मेहता, एपीसी निहाल सिंह, प्रिंसिपल मनीष कुमार और तरुण गेरा ने विदा किया। प्रदेश स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम के पांच बैचों में कुल 1,250 विद्यार्थी, 22 पुरुष शिक्षक और 44 महिला शिक्षक शामिल होंगे। इस प्रकार राज्यभर से 1,316 प्रतिभागी एडवेंचर कैंप का हिस्सा बनेंगे।
-
कैंप के दौरान विद्यार्थियों को ट्रैकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, रैपलिंग, ऑब्स्टेकल क्रॉसिंग तथा हिमालयी संस्कृति और विरासत से जुड़ी गतिविधियों का अनुभव मिलेगा। साथ ही प्रकृति, वन्य जीव संरक्षण, योग, ध्यान, व्यक्तित्व विकास, जीवन कौशल और रिपोर्ट लेखन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।साहसिक गतिविधियों के अलावा लोक नृत्य, रागनी तथा अन्य सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा। विद्यार्थियों के आवास, भोजन, परिवहन और सभी गतिविधियों का खर्च शिक्षा विभाग वहन करेगा। प्रतिभागियों के लिए अभिभावकों की सहमति, मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य किया गया है।
-
पीएमश्री स्कूलों के 70 बच्चे मनाली में शैक्षणिक भ्रमण पर गए हैं। यहां पर विद्यार्थी अलग-अलग गतिविधियों में भाग लेंगे।
- प्रदीप कुमार, एपीसी, समग्र शिक्षा विभाग